तीन बच्चों के साथ नलदुर्ग किले से कूदीं राष्ट्रीय महिला पहलवान

3 की मौत; ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप

धाराशिव./ दि. 4- महाराष्ट्र के धाराशिव जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. राष्ट्रीय स्तर की महिला पहलवान अश्विनी मनोहर पौल ने अपने तीन छोटे बच्चों के साथ नलदुर्ग किले से करीब 100 फीट गहरी खाई में छलांग लगा दी. इस हादसे में अश्विनी पौल और उनके साढ़े पांच वर्षीय बेटे अजिंक्य की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं ढाई साल की जुड़वां बच्चियों में से क्रांति की इलाज के दौरान मौत हो गई. दूसरी बच्ची वीरा की हालत गंभीर बताई जा रही है और उसका धाराशिव के सरकारी अस्पताल में वेंटिलेटर पर इलाज चल रहा है.
* पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप                                                                                                                          घटना के बाद अश्विनी पौल के पिता ने उनके पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पिता का आरोप है कि पति और ससुराल वालों की ओर से लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दिए जाने से परेशान होकर अश्विनी ने यह कदम उठाया. पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. पुलिस जांच के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.                                      * ‘महाराष्ट्र की वाघिन’ के नाम से थीं मशहूर                                                                                                                       अश्विनी मनोहर पौल राष्ट्रीय स्तर की महिला पहलवान थीं. कुश्ती जगत में उन्हें ‘महाराष्ट्र की वाघिन’ के नाम से जाना जाता था. धाराशिव जिले के उमरगा तालुका स्थित वंताल गांव की रहने वाली अश्विनी ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने अपने करियर में 5 स्वर्ण और 6 रजत पदक जीतकर महाराष्ट्र का नाम रोशन किया था. अश्विनी को कुश्ती का प्रशिक्षण अपने परिवार से ही मिला था. उनके पिता ने बेटी के अभ्यास के लिए घर में ही कुश्ती की तालीम शुरू की थी. वर्ष 2007 में केरल के तिरुवनंतपुरम में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उन्होंने स्वर्ण पदक जीता था. इसके बाद 2008 और 2009 में भी उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक हासिल किए.

Back to top button