छत्रपती संभाजीनगर के एशियन अस्पताल में भीषण आग

9 नवजात समेत 58 मरीज बाल-बाल बचे

* अमरावती के डफरीन जैसा हादसा टला
छत्रपती संभाजीनगर/ दि. 4 – शहर के आकाशवाणी चौक स्थित एशियन अस्पताल में शुक्रवार तड़के भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. अस्पताल के बच्चों के अतिदक्षता विभाग में लगी आग के दौरान वहां 9 बच्चे उपचाराधीन थे. समय रहते सभी बच्चों समेत कुल 58 मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई. प्राथमिक जानकारी के अनुसार, आग तड़के करीब पौने तीन बजे लगी. आग लगने का प्रारंभिक कारण एसी में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन दल, पुलिस और अस्पताल के कर्मचारियों ने तत्काल बचाव अभियान शुरू किया.
* 10 से 15 मिनट में आग पर काबू
अग्निशमन दल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और जवानों ने तेजी से आग पर काबू पाने का प्रयास किया. करीब 10 से 15 मिनट में आग को नियंत्रित कर लिया गया. इससे आग अस्पताल के अन्य हिस्सों में फैलने का खतरा टल गया. आग के दौरान एनआईसीयू में उपचार ले रहे सभी 9 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे अस्पतालों में स्थानांतरित किया गया. इनमें 5 बच्चों को घाटी अस्पताल, 3 को एमजीएम अस्पताल और एक बच्चे को संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया गया.
* 58 मरीजों को सुरक्षित निकाला
जिस पहली मंजिल पर एनआईसीयू स्थित है, वहां कुल 58 मरीज उपचाराधीन थे. इनमें छखउण के बच्चे, जनरल वार्ड के 36 मरीज और स्पेशल रूम के 13 मरीज शामिल थे. सभी मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. बचाव अभियान में मदद के लिए करीब 30 एंबुलेंस को मौके पर बुलाया गया था. जवाहरनगर पुलिस और आरसीपी के जवानों ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया.
* अमरावती की घटना के बाद फिर अस्पताल में आग
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले अमरावती के जिला स्त्री अस्पताल डफरीन के नवजात शिशु कक्ष में भीषण आग लगने से तीन नवजात बच्चों की मौत हो गई थी. उस घटना के बाद अब छत्रपती संभाजीनगर के अस्पताल में एनआईसीयू में आग लगने की घटना से अस्पतालों की अग्निसुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं.

Back to top button