मनपा उर्दू स्कूल में ‘गुरुजी’ का रौद्र रूप
बच्चों पर टूटी लाठी, 5 छात्र घायल

* खेल रहे छात्रों को कमरे में बुलाकर बेरहमी से पीटने का आरोप
* एक छात्र के हाथ में फ्रैक्चर, शरीर पर गंभीर चोटों के निशान
अमरावती/दि.4 – मनपा की उर्दू शाला में शिक्षक के हाथों छात्रों की बेरहमी से पिटाई का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बीच की छुट्टी में मैदान पर खेल रहे 6-7 छात्रों को कथित तौर पर स्कूल में बुलाकर एक शिक्षक ने सूखी लकड़ी की टहनी से इतना पीटा कि एक छात्र के हाथ में फ्रैक्चर हो गया, जबकि पांच अन्य छात्र भी घायल हो गए. हाथ, पैर और कमर पर चोट के निशान होने की बात सामने आई है. इस घटना ने मनपा के शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
मामला अराफात कॉलोनी के नूर नगर परिसर स्थित मनपा उर्दू शाला क्रमांक-9 का है. घटना की जानकारी सामने आने के बाद घायल छात्रों को लेकर एमआईएम के पदाधिकारी गुरुवार 3 सितंबर को मनपा के विश्वरत्न डॉ. बाबासाहब आंबेडकर सभागृह में चल रही समीक्षा बैठक में पहुंचे. उन्होंने सांसद डॉ. अनिल बोंडे और विधायक प्रवीण पोटे पाटील को पूरे मामले की जानकारी देते हुए संबंधित शिक्षक और मुख्याध्यापक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की.
* मैदान में खेलना पड़ा भारी, शिक्षक ने लाठी से बरसाए वार
बताया जाता है कि कक्षा 9वीं में पढ़ने वाले मो. इजाज, अब्दुल साद, अब्दुल शाहीद, असलम कुरैशी, अरमान खान, इमरान खान तथा कक्षा 10वीं के छात्र अगदस करीम मध्यांतर की छुट्टी में स्कूल के मैदान पर खेल रहे थे. आरोप है कि इसी दौरान स्कूल में पढ़ाने वाले कंत्राटी शिक्षक जीशान सर ने सभी छात्रों को आवाज देकर स्कूल के भीतर बुलाया. छात्रों के पहुंचने के बाद शिक्षक ने कथित तौर पर उन्हें फटकारना शुरू किया और पेड़ की सूखी टहनी हाथ में लेकर उनकी पिटाई शुरू कर दी. आरोप के मुताबिक छात्रों के हाथ, पैर और कमर पर लकड़ी से लगातार वार किए गए. यहां तक कि मारपीट के दौरान लकड़ी टूट जाने के बावजूद छात्रों को पीटना बंद नहीं किया गया. शिक्षक की इस कथित बेरहमी से छात्र चीखते-रोते रहे.
* एक छात्र के हाथ में फ्रैक्चर, बाकी भी चोटिल
मारपीट में मो. इजाज नामक छात्र का हाथ गंभीर रूप से जख्मी हुआ है. उसके हाथ पर फिलहाल कच्चा प्लास्टर लगाया गया है. अन्य छात्रों के हाथ-पैर और शरीर के विभिन्न हिस्सों पर चोट के निशान बताए जा रहे हैं. घटना के बाद बच्चों में दहशत फैल गई. आरोप है कि शिक्षक और स्कूल के मुख्याध्यापक जावेद सर ने छात्रों को धमकाया कि यदि उन्होंने मारपीट की जानकारी अपने माता-पिता या किसी अन्य व्यक्ति को दी, तो उनके हाथ में टीसी थमा दी जाएगी और उन्हें किसी भी स्कूल में प्रवेश नहीं मिल सकेगा.
* दर्द छिपा नहीं पाए बच्चे
धमकी के कारण छात्र शुरुआत में घटना के बारे में बताने से डरते रहे. लेकिन शरीर पर चोट और हाथ-पैर में दर्द के चलते पालकों को संदेह हुआ. पूछताछ करने पर बच्चों ने कथित मारपीट की पूरी जानकारी अपने माता-पिता को दी. इसके बाद मामला सामने आया और संबंधित शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग तेज हो गई.
* घायल छात्रों को लेकर पहुंचे एमआईएम पदाधिकारी
गुरुवार 3 सितंबर को मनपा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर सांसद डॉ. अनिल बोंडे और विधायक प्रवीण पोटे पाटील की उपस्थिति में मनपा अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई थी. बैठक समाप्त होने के बाद शाम करीब 6 बजे एमआईएम गुटनेता अब्दुल हमीद और नगरसेवक सैयद राशिद घायल छात्रों को लेकर सभागृह पहुंचे. उन्होंने सांसद डॉ. बोंडे, विधायक प्रवीण पोटे पाटील, मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले, महापौर श्रीचंद तेजवानी तथा सभागृह नेता चेतन गावंडे को घटना की जानकारी दी और ज्ञापन सौंपकर संबंधित शिक्षक तथा मुख्याध्यापक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.
* घायल बच्चों को देखकर सांसद-विधायक हुए सख्त
घायल छात्रों की स्थिति देखकर सांसद डॉ. अनिल बोंडे और विधायक प्रवीण पोटे पाटील ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले को जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए. आयुक्त डॉ. गोंदावले ने मनपा शिक्षणाधिकारी डॉ. प्रकाश मेश्राम को तत्काल स्कूल पहुंचकर पूरे मामले की जांच करने के निर्देश दिए.
* शिक्षणाधिकारी ने स्कूल पहुंचकर शुरू की जांच
आयुक्त के निर्देश पर शिक्षणाधिकारी डॉ. प्रकाश मेश्राम ने शुक्रवार 4 सितंबर को मनपा उर्दू शाला क्रमांक-9 पहुंचकर जांच शुरू कर दी. शिक्षक और मुख्याध्यापक के साथ ही पीड़ित छात्रों तथा उनके अभिभावकों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. शिक्षणाधिकारी डॉ. मेश्राम ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि निगमायुक्त के निर्देश पर जांच शुरू कर दी गई है. सभी संबंधित पक्षों के बयान लिए जा रहे हैं. जांच पूरी होने के बाद रिपोर्ट मनपा आयुक्त को सौंपी जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
* ‘गुरु’ के हाथों बच्चों की पिटाई ने खड़े किए गंभीर सवाल
स्कूल में अनुशासन के नाम पर बच्चों के साथ कथित तौर पर इस तरह की हिंसा ने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जिन हाथों में बच्चों को किताब और कलम थमाने की जिम्मेदारी है, उन्हीं हाथों में लाठी पहुंचने और छात्रों को कथित तौर पर बेरहमी से पीटे जाने के आरोप ने अभिभावकों में भी रोष पैदा कर दिया है. अब सबकी नजर मनपा की जांच रिपोर्ट पर टिकी है. क्या बच्चों की कथित बेरहमी से पिटाई करने वाले शिक्षक पर कड़ी कार्रवाई होगी? क्या मुख्याध्यापक की कथित भूमिका की भी जांच होगी? या मामला केवल जांच और बयानबाजी तक सीमित रह जाएगा? इन सवालों के जवाब जांच रिपोर्ट के बाद ही सामने आएंगे.





