डफरीन अग्निकांड की जांच में देरी पर भडके सांसद वानखडे

सीधे सीएम फडणवीस को लिखी चिठ्ठी

* आग दुर्घटना की जांच रिपोर्ट अब तक अप्राप्त
* कहां गए आठ दिनों में एक्शन के दावे
अमरावती/दि.4- जिले के सांसद और कांग्रेस नेता बलवंत वानखडे ने जिला स्त्री अस्पताल अर्थात डफरीन में गत 24 अगस्त को हुए भीषण अग्निकांड की जांच में विलंब पर गुस्सा व्यक्त किया है. सांसद महोदय ने सीधे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर जांच शीघ्र पूर्ण करने और दोषी लोगों पर तत्काल एक्शन लेने का अनुरोध किया है. सांसद वानखडे ने सवाल उठाया कि, 7 दिनों में जांच और दोषियों पर एक्शन के दावे मंत्रियों ने किए थे. वह दावे लगता है, हवा-हवाई हो गए हैं.
सांसद वानखडे ने चिठ्ठी में लिखा कि, जिला स्त्री अस्पताल के एनआईसीयू में वेंटिलेटर विस्फोट से तीन शिशुओं की दर्दनाक मृत्यु हो गई. स्वास्थ्य मंत्री ने स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया. राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान आयुक्त की अध्यक्षता में जांच समिति गठित कर आठ दिनों में अहवाल देने का निर्देश दिया गया था.
सांसद बलवंत वानखडे ने कहा कि, गंभीर घटना को 10 दिन बीत गए हैं. अब भी जांच रिपोर्ट शासन को प्रस्तुत नहीं की गई है. अतिशय संवेदनशील प्रकरण में जांच और कार्रवाई न होने से पीडित परिवार इंसाफ की प्रतीक्षा कर रहे हैं. अभिभावकों की यह भी भावना है कि, ऐसा आइंदा किसी और के साथ न हो. इसलिए सांसद वानखडे ने गंभीर घटना में सीएम से व्यक्तिगत रुप से ध्यान देने का अनुरोध किया. दुर्घटना की तहकीकात तेजी से पूर्ण कर जिम्मेदारों पर कठोर कार्रवाई की मांग उन्होंने की. याद दिला दें कि, गत 24 अगस्त की तडके डफरीन में हुए भयंकर अग्निकांड में समस्त विदर्भ को हिलाकर रख दिया था, जब तीन नवजात की दर्दनाक मृत्यु का समाचार सबेरे-सबेरे सभी को प्राप्त हुआ. सरकार ने आठ दिनों जांच और एक्शन का वादा किया था, 10 दिन बीत चुके हैं.

Back to top button