आ रहे हैं नंदलाला, सभी मंदिरों में सजावट
घर-घर में बने नाना प्रकार के भोग

* कृष्ण जन्मोत्सव हेतु हर कोई आतुर
* इस्कॉन, श्रीकृष्ण, राधा-कृष्ण, लक्ष्मी-नारायण, मुरलीधर मंदिर, भक्तिधाम, सतीधाम सभी में उत्साह
* भजन संध्या से लेकर खास अभिषेक, पूजन, अनुष्ठान
अमरावती/दि.4 – आ रहे हैं नंदलाला, सभी घर-परिवार, मंदिर सज गए हैं. घरों में गृहणियों ने आज बडे ही चाव से नाना प्रकार के व्यंजन भोग के लिए तैयार किए है. कृष्ण जन्माष्टमी हर्ष तथा उल्लास के साथ मनाई जाएगी. राठी नगर स्थित इस्कॉन के कृष्ण-रुख्मिणी मंदिर में इस अवसर पर विशेष नृत्य, नाटिका के साथ ही रात्रि 9 बजे से दुग्धाभिषेक व अनुष्ठान रखे गए हैं. ऐसे ही रायली प्लॉट स्थित सतीधाम में भजन संध्या प्रारंभ हो रही है. शहर के सतीधाम, भक्तिधाम, श्रीकृष्ण मंदिर माताखिडकी, राधाकृष्ण मंदिर रंगारी गली, लक्ष्मी-नारायण मंदिर भाजीबाजार, मुरलीधर मंदिर सहित सभी छोटे-बडे मंदिरों में आकर्षक सजावट करने के साथ ही भक्ति संध्या, भजन-कीर्तन के आयोजन है. लोगों के पांव अपने-आप कृष्ण मंदिरों की ओर मुड रहे हैं. उल्लेखनीय है कि, जन्माष्टमी की वजह से जवाहर गेट से लेकर शहर के मार्केट एरिया में साज-सज्जा, बाल-गोपाल के वस्त्र, आभूषण, स्वरुप, पालना, मुकुट आदि की खूब खरीददारी गृहणियों ने चाव से की. फलस्वरुप मार्केट में रौनक दिखाई दी.
* अपार उत्साह, मंदिरों में रश
अंबानगरी में कृष्ण जन्माष्टमी का उत्साह चरम पर नजर आ रहा है. अंबादेवी मंदिर में विशेष कीर्तन और भजनों का आयोजन दोनों दिन 4 और 5 सितंबर को किया गया. ऐसे ही सतीधाम में बुंदेलखंड से पधारी काजल दीदी की भजन संध्या शुक्रवार शाम ठीक 8 बजे से प्रारंभ हो जाने की जानकारी संजय झुनझुनवाला और जय जोशी ने दी है. यहां भादवा अमावस का उत्सव अगले शुक्रवार 11 सितंबर को मनाया जाना है. दादीजी का मंगल पाठ दोपहर 1 बजे से होगा. जिसे प्रतीक्षा उर्फ मोना अग्रवाल प्रस्तुत करेगी. छप्पन भोग आरती भी होगी. आज के सतीधाम में राधाकृष्ण का अलौकिक अद्भूत श्रृंगार किया गया है. जिसे देखने दर्शनार्थी उमडे हैं.
* माहेश्वरी मंदिर में भजन सरिता
माहेश्वरी राधाकृष्ण मंदिर में उत्सव समिति, सेवा समिति और नवयुवती मंच, महिला मंडल ने आज रात 9 बजे से अर्चना लाहोटी, मीनल लाहोटी, आनंद सारडा की वाणी में भजनों का कार्यक्रम रखा है. रात्रि 12 बजे तक यह भजन प्रस्तुति रहेगी. उपरांत कृष्ण जन्म की महाआरती होगी. सभी को प्रसादी का वितरण किए जाने की जानकारी श्री माहेश्वरी पंचायत ने दी है.
* मुरलीधर मंदिर में बडा उत्सव
भाजीबाजार के मुरलीधर मंदिर में जन्माष्टमी का बडा उत्सव गत 28 अगस्त से शुरु है. यहां सचिन देव महाराज के मुखारविंद से कीर्तन और प्रवचन रहे. आज रात्रि विशेष दर्शन-पूजन के साथ ही खास अभिषेक और कीर्तन रखे गए हैं. यहां भाविकों का रेला उमडता है.
* इस्कॉन के राठी नगर स्थित मंदिर में
इस्कॉन के राठी नगर स्थित मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उपलक्ष्य शाम 5 बजे से रात्रि 12 बजे तक भजन संध्या, हरिनाम संकीर्तन, कृष्ण लीला पर आधारित नृत्य और नाटिका की प्रस्तुति रहेगी. रात्रि 9 बजे से महाअभिषेक प्रारंभ होगा. उपरांत श्रीमान अनंतशेष प्रभु द्वारा विशेष जन्माष्टमी संदेश रहेगा. जन्मोत्सव, संकीर्तन एवं नृत्य तथा बाल कृष्ण पालना दर्शन भी यहां भाविकों को मिलेंगे. कल शनिवार 5 सितंबर को सुबह 9 बजे से श्रील प्रभुपाद अभिषेक होगा. छप्पन भोग लगाए जाएंगे. प्रभुपाद कथा व महाप्रसाद के साथ ही नंदोत्सव उपलक्ष्य हजारों श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण रहेगा.
उपरोक्त मंदिरों के अलावा भक्तिधाम, श्रीकृष्ण मंदिर माताखिडकी और अनेकनेक देवालयों में पालने सजाए गए हैं. बाल-गोपाल के लिए सुंदर-सुंदर वस्त्र, मुकुट बनाए गए हैं. भाविकों में अपार चाव एवं उत्साह परिलक्षित हो रहा है. आज शुक्रवार की देर रात्रि तक देवालयों में हाथी, घोडा, पालकी, जय कन्हैया लाल की, यही गूंज सुनाई देगी. हर कोई कृष्ण भक्ति से सराबोर रहेगा.





