अमरावती के शिक्षक की आड नदी में डूबने से मौत

मेलघाट के अतिसंरक्षित कलालकुंड कोअर क्षेत्र की घटना

चिखलदरा (अमरावती)/दि.5 – मेलघाट व्याघ्र प्रकल्प के अतिदुर्गम और अतिसंरक्षित माने जाने वाले कलालकुंड जैसे कोअर क्षेत्र में ट्रैकिंग के लिए आये 70 लोगों के दल के एक शिक्षक की आड नदी के तेज प्रवाह में डूबने से मृत्यु हो गई. मृतक शिक्षक का नाम विपिन मनोहर कोरे (36) है. वह अमरावती के बिर्ला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल मेें कार्यरत था.
जानकारी के मुताबिक बिर्ला स्कूल के शिक्षक व 70 अन्य लोगों का दल पर्यटन व ट्रैकिंग के लिए चिखलदरा परिसर गया था. ट्रैकिंग के दौरान आड नदी के तेज प्रवाह का अनुमान न लगने से विपिन यह पानी में बह गया और उसकी डूबने से मृत्यु हो गई. इस घटना की पुष्टि प्रवीण पाटिल ने की है. घटना की जानकारी मिलते ही चिखलदरा पुलिस व व्याघ्र व वनविभाग के दल ने घटनास्थल पहुंचकर खोज अभियान चलाया. रात होने से आड नदी में बहे शिक्षक विपिन कोरे का पता नहीं लग पाया था. आज सुबह से रेस्क्यू दल ने खोज अभियान शुरु कर दिया है.
* प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश कैसे?
मेलघाट व्याघ्र प्रकल्प का कलालकुंड यह क्षेत्र काफी संवेदनशील और अतिसंरक्षित कोअर क्षेत्र माना जाता है. नियमानुसार इस परिसर में पर्यटकों को अथवा निजी व्यक्तियों को प्रवेश पर पाबंदी रहने की प्राथमिक जानकारी है. ऐसा रहते हुए भी 70 लोगों का दल इस इलाके में कैसे पहुंचा और उन्हें यहां जाने की अनुमती किसने दी. यह जांच का विषय हो गया है. वनविभाग का गश्त दल और सुरक्षा यंत्रणा क्या कर रही थी, ऐसा सवाल इस घटना के बाद उपस्थित हुआ है. चिखलदरा पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.

Back to top button