घरेलू विवाद में मां पर चाकू से ताबड़तोड़ वार

फिर खुद को भी खत्म करने की कोशिश

* मां पर हमला करने वाले बेटे को पुलिस ने किया गिरफ्तार
महाड/दि.5 – महाड तहसील के रुपवली सुंभेकोंड गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. मामूली विवाद के बाद गुस्से में आए बेटे ने अपनी ही मां पर सब्जी काटने वाले चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए. मां पर हमला करने के बाद आरोपी बेटे ने खुद पर भी चाकू से वार कर जीवन समाप्त करने का प्रयास किया. हालांकि, इसमें उसकी जान बच गई. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज किया है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रुपवली सुंभेकोंड में मां और बेटे के बीच किसी मामूली बात को लेकर विवाद हुआ था. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बेटे का गुस्सा बेकाबू हो गया. उसने घर में सब्जी काटने के लिए रखे चाकू को उठाया और अपनी मां पर हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले से मां को संभलने का मौका तक नहीं मिला. आरोपी ने उसके पेट पर चाकू से कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई.
मां पर हमला करने के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से वार किए और आत्महत्या का प्रयास किया. हालांकि, वह इसमें सफल नहीं हुआ. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है. विवाद का वास्तविक कारण क्या था और आरोपी ने किन परिस्थितियों में इतना बड़ा कदम उठाया, इसकी जांच की जा रही है.

Back to top button