पुलिस आयुक्तालय में हटाए गए एक्सपायर यंत्र

डफरीन हादसे के बाद उठाए जा रहे कदम

* एक साल पहले ही खत्म हो चुकी थी अग्निरोधी यंत्रों की मियाद
अमरावती/दि.5 – गत 24 अगस्त को हुए जिला स्त्री अस्पताल अर्थात डफरीन के अग्निकांड पश्चात शहर के अनेक भवनों, सरकारी कार्यालयों में व्यापक कदम उठाए जा रहे है. आग लगने की स्थिति में दमकल यंत्र और सभी व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने की कवायद चल रही है. इसी कडी में आज पुलिस आयुक्तालय की सभी मंजिलों से अग्निरोधी यंत्र हटाए गए हैं. इन सभी को नए सिरे से रिफिल किया जाएगा, ऐसी जानकारी आयुक्तालय के अधिकारियों ने दी.
* एक वर्ष पहले ही एक्सपायर
अमरावती मंडल प्रतिनिधि ने देखा कि, पुलिस आयुक्तालय में हटाए गए दमकल यंत्र पर जो तारीख अंकित है, उसके हिसाब से यह यंत्र पिछले वर्ष ही मियाद पूरी कर चुके थे. गत एक वर्ष से यह यंत्र यूंही पडे धूल खा रहे थे. डफरीन दुर्घटना के बाद शहर में प्रशासन हरकत में आया है. महापालिका ने भी भवनों के फायर ऑडिट की तैयारी की है. भवनों को तत्संबंधी नोटिस जारी किए जाने की मनपा की तैयारी है. इस बीच पुलिस आयुक्तालय ने स्वयं से शुरुआत की. वहां के अवधि पूर्ण हो जाने वाले दर्जनों यंत्र आज दोपहर हटाए गए. इन यंत्रों पर इस्तेमाल की अवधि 22-8-2024 से 21-8-2025 तक ही दर्ज थी. जिससे उनकी वैधता समाप्त होने के बाद भी वे आयुक्तालय में जगह-जगह लटक रहे थे. गनिमत रही कि, इस दौरान पुलिस आयुक्तालय में आगजनी की कोई घटना पेश नहीं आई.
* रिफील कर रखे जाएंगे
सूत्रों ने बताया कि, उपरोक्त यंत्रों को निर्धारित एजेंसी के माध्यम से रिफिल किया जाएगा. उनमें कार्बनडाय ऑक्साईड भरकर अग्निशमन के लिए दोबारा यथास्थान रखा जाएगा, ताकि आग लगने की स्थिति में उनका तुरंत उपयोग किया जा सके. शहर की अन्य कई सरकारी इमारतों में भी इस प्रकार की कवायद चलने की जानकारी मिल रही है. डफरीन हादसे ने सभी को अलर्ट कर दिया है. इस दुर्घटना में 3 अभागे शिशुओं की जान चली गई थी.

Back to top button