यशोदा नगर में घर में घुसकर मारपीट व वाहनों में तोड़फोड़

8 आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों को दबोचा

* घटनास्थल पर कराया सीन रीक्रिएशन, लोगों की जुटी भीड़
अमरावती/दि.5- फ्रेजरपुरा थाना क्षेत्र के यशोदा नगर नंबर-1 में रात के समय एक घर में जबरन घुसकर परिवार के सदस्यों से मारपीट करने और घर के बाहर खड़े वाहनों में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों को घटनास्थल पर ले जाकर सीन रीक्रिएशन भी कराया. इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिक मौके पर जमा हो गए.
जानकारी के मुताबिक घटना 3 सितंबर की रात करीब 11.45 बजे यशोदा नगर नंबर-1 की गली नंबर-2 में हुई. इस संबंध में 20 वर्षीय तुषार ज्ञानेश्वर दुपारे ने फ्रेजरपुरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है. शिकायत के मुताबिक 3 सितंबर की शाम यशोदा नगर चौक स्थित तुषार दुपारे की वडापाव की दुकान पर नाश्ते के पैसे को लेकर दो युवकों के साथ विवाद हुआ था. तुषार के पिता ज्ञानेश्वर दुपारे ने विवाद नहीं करने के लिए कहा. आरोप है कि इस दौरान संबंधित युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज कर धक्का-मुक्की और लात-घूंसों से मारपीट की. इसके बाद रात करीब 11.45 बजे राऊत और उसका बेटा क्रिश राऊत, प्रीत चिचखेडे, यश मेश्राम, अखिल समेत 5 से 6 अन्य लोग हथियार लेकर दुपारे परिवार के घर पहुंचे. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपियों के हाथों में चाकू, तलवार और लाठियां थीं. उन्होंने जबरन घर में प्रवेश कर ज्ञानेश्वर दुपारे और निखिल दुपारे के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की.
* दरवाजे पर चाकू-तलवार से वार, छह वाहनों में तोड़फोड़
परिवार ने घर का दरवाजा बंद कर लिया तो आरोपियों ने पत्थर और ईंटें मारकर दरवाजा क्षतिग्रस्त किया. साथ ही चाकू और तलवार से दरवाजे पर वार किए. इसके बाद घर के सामने खड़े बजाज पल्सर, होंडा शाइन, प्लेजर मोपेड, बजाज ऑटो, होंडा एक्टिवा और बजाज सीटी-100 वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई. शिकायत के मुताबिक, घटना में करीब 35 हजार रुपए का नुकसान हुआ है.
* डीबी टीम ने 8 आरोपियों को किया गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलते ही फ्रेजरपुरा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की. डीबी स्क्वॉड के दल ने यशोदा नगर निवासी आर्यन शैलेंद्र राऊत (19), फ्रेजरपुरा निवासी अखिल संतोष इंगले (19), महादेवखोरी निवासी सक्षम प्रकाश सोलंके (19), तेजस अनिल थोरात (19), सुजल मनीष नागदिवे (19), शैलेश छोटू रोडगे (20), यश उर्फ चारु चरणदास मेश्राम (21), आर्यन उर्फ डोनची श्रीकृष्ण वासनिक (20) को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में से कुछ के खिलाफ पहले भी शरीर संबंधी गंभीर अपराध दर्ज हैं.
* घटनास्थल पर कराया सीन रीक्रिएशन
आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उन्हें घटनास्थल पर सीन रीक्रिएशन के लिए लेकर पहुंची. आरोपियों को मौके पर देखते ही परिसर में नागरिकों की भीड़ जमा हो गई. पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित रखा और जांच आगे बढ़ाई. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, सहायक पुलिस आयुक्त कैलास पुंडकर तथा फ्रेजरपुरा विभाग की सहायक पुलिस आयुक्त नयन अलुरकर के मार्गदर्शन में फ्रेजरपुरा के थानेदार रवींद्र राजुलवार के नेतृत्व में पुलिस निरीक्षक समाधान वाठोरे, डीबी दल प्रमुख पीएसआई राहुल महाजन समेत फ्रेजरपुरा थाने के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे.
* अफवाहों से बचने की पुलिस की अपील
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि घटना को लेकर किसी प्रकार की अफवाह न फैलाएं. क्षेत्र में कोई संदिग्ध गतिविधि या अप्रिय घटना नजर आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें. पुलिस के मुताबिक, फिलहाल क्षेत्र में शांति है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.

Back to top button