विद्युत पोल के तार सहित खेती का साहित्य चुराने वाले तीन कुख्यात धरे गये

8.52 लाख रुपए का माल जब्त, अंजनगांव सुर्जी पुलिस की कार्रवाई

अमरावती/दि.5- अंजनगांव सुर्जी पुलिस के दल ने क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए नाइट पेट्रोलिंग व पुलिस गश्त बढाकर नाकाबंदी के दौरान टाकरखेडा नाका पर जाल बिछाकर अंजनगांव के तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर टाटा-407 वाहन समेत कुल 8 लाख 52 हजार 580 रुपए का माल जब्त कर लिया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम अंजनगांव निवासी मो. सुफियान अब्दूल कादीर (25), मो. साजिद ताज मोहम्मद (45) और शेख समीर शेख बशीर (24) है.
जानकारी के मुताबिक अंजनगांव थाना क्षेत्र में घरफोडी व कृषि साहित्य चोरी के मामलों पर रोक लगाने के लिए और प्रलंबित मामले उजागर करने के लिए जिला पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देश पर अंजनगांव के थानेदार सूरज बोंडे के मार्गदर्शन में चलाये गये विशेष अभियान के दौरान पुलिस को बडी सफलता मिली. 3 सितंबर को मिली गोपनीय जानकारी के आधार पर सुबह 4 बजे से टाकरखेडा नाका पर जाल बिछाकर नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध टाटा-407 वाहन की जांच कर पुलिस ने चोरी का तांबा तार, एल्यूमिनियम तार और महावितरण के साहित्य समेत कुल 5 लाख 72 हजार 580 रुपए मूल्य का माल जब्त कर लिया. अंजनगांव थाने में दर्ज केबल चोरी और महावितरण के साहित्य की चोरी के मामले इस घटना से उजागर हुए. आरोपी मो. सुफियान यह टाटा-407 चला रहा था. जबकि मुख्य आरोपी शेख समीर शेख बशीर और बर्तन व्यापारी मो. साजिद उस वाहन में सवार थे. तीनों आरोपियों को पुलिस ने माल समेत गिरफ्तार कर 2 लाख 80 हजार रुपए मूल्य का वाहन भी जब्त कर लिया. इस घटना से अंजनगांव थाना क्षेत्र मेें केबल चोरी के अनेक मामले उजागर होने की संभावना है. यह कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अपर पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड, उपविभागीय पुलिस अधिकारी सुनील हुड के मार्गदर्शन में अंजनगांव के थानेदार सूरज बोंडे, सहायक निरीक्षक अनिल चांदोरे, पीएसआई भारत चिरडे, विशाल पोल, जवान रवि राठोड, आकाश रंगारी, अमित घाटे, मोहसीन पठान के दल ने की.

Back to top button