झगड़ा छुड़ाने गए युवक पर लाठी से हमला, बेहोश हुआ

गुलिस्ता नगर चौक की घटना

* घायल को पहले निजी अस्पताल, फिर इर्विन अस्पताल में कराया भर्ती
अमरावती/दि.9 – गुलिस्ता नगर चौक पर हो रहे विवाद को छुड़ाने पहुंचे युवक पर चार युवकों द्वारा लाठी से हमला किए जाने का मामला सामने आया है. हमले में युवक के सिर, हाथ और पीठ पर चोटें आईं और वह बेहोश हो गया. उसे उपचार के लिए पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां दोबारा मारपीट की कोशिश किए जाने के बाद इर्विन अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटना के संबंध में गुलिस्ता नगर, अमरावती निवासी लुकमान खान रहमान खान (48) की शिकायत पर नागपुरी गेट पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस रिकॉर्ड में आरोपियों के नाम मोनू, मोईन, जुनेद और मुक्तार ताज बताए गए हैं.
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, शिकायतकर्ता का बेटा अरशान खान घर पर मौजूद था. इसी दौरान उसके मित्र तल्हा का फोन आया कि गुलिस्ता नगर चौक पर कुछ युवकों के बीच विवाद चल रहा है. जानकारी मिलने पर अरशान चौक पर पहुंचा. वहां तल्हा के साथ चार युवक कथित रूप से मारपीट कर रहे थे. अरशान ने विवाद शांत कराने और झगड़ा छुड़ाने का प्रयास किया. इसी दौरान चार युवकों में से एक ने कथित तौर पर लाठी से अरशान के सिर, हाथ और पीठ पर वार कर दिया. लाठी से चोट लगने के बाद अरशान बेहोश हो गया. उसके मित्र उसे तत्काल उपचार के लिए डॉ. कासिफ के अस्पताल ले गए. शिकायत के अनुसार, वहां भी आरोपी दोबारा मारपीट करने के इरादे से पहुंचे. इसके बाद घायल अरशान को इर्विन अस्पताल लाया गया, जहां उसका उपचार किया गया. मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई है.
फिर्यादी के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर नागपुरी गेट पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस आरोपियों की भूमिका, मारपीट के कारण और घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार की जांच कर रही है.

Back to top button