‘दादी मां, मम्मी-पापा माफ करना, बहन को खूब सुविधाएं देना, पढाना’
अंजनगांव के छात्र ने नागपुर में लगाई फांसी

नागपुर /दि.10– अंजनगांव सुर्जी के छात्र ने नागपुर के श्रीकृष्ण नगर स्थित किराए के कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली. उसका नाम प्रथमेश विजय गुजर है. वह केडीके इंजीनियरिंग कॉलेज में द्वितीय वर्ष का छात्र था. 22 साल के प्रथमेश ने पीछे भावनात्मक सुसाइड नोट छोडा है. जिसमें दादी मां, माता-पिता और सभी से क्षमायाचना करते हुए अपनी छोटी बहन को सभी सुविधाएं देने और मन-मुताबिक पढाई करवाने का अनुरोध किया गया है.
पुलिस ने बताया कि, प्रथमेश श्रीकृष्ण नगर में किराए के कमरे में रहता था. उसके कमरे से रिस्पॉन्स नहीं मिलने की जानकारी बुधवार सुबह उसे टिफिन पहुंचाने वाले युवक ने मकान मालकिन को दी. खिडकी से देखने पर भयंकर नजारा दिखाई दिया. उन्होंने तुरंत नंदनवन पुलिस को खबर की गई. पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोडा. भीतर देखा, तो प्रथमेश फंदे से लटक रहा था. पुलिस ने प्रारंभिक जांच में पाया कि, प्रथमेश कुछ दिनों से परेशान हाल था. उसने अपने कुछ मित्रों के पास ऐसी बात कही थी. पुलिस ने मौके का पंचनामा कर शव का पीएम किया और परिजनों को सौंप दिया. प्रथमेश की भावनाप्रधान चिठ्ठी ने सभी को द्रवित कर दिया था. उसने चिठ्ठी में यह भी लिखा कि, उसकी मृत्यु के लिए किसी को दोष न दिया जाए और उसे क्षमा कर देने की याचना करते हुए प्रथमेश ने छोटी बहन की अच्छी पढाई-लिखाई करवाने का अनुरोध किया है.





