राजापेठ पुलिस ने चार आरोपियों को दबोचा, हथियार और वाहन जब्त
सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन पड़ा भारी

* पांच लोहे के चाकू समेत 10.03 लाख रुपये का माल जब्त
* वीडियो के जरिए दहशत फैलाने का आरोप, मामला दर्ज
अमरावती/दि.15- सोशल मीडिया पर चारपहिया वाहन में बैठकर हाथों में घातक हथियार लहराते हुए वीडियो प्रसारित करने के मामले में राजापेठ पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ कार्रवाई की है. पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच लोहे के चाकू और वीडियो में इस्तेमाल की गई किआ सेल्टॉस कार जब्त की है. जब्त माल की कुल कीमत करीब 10 लाख 3 हजार 900 रुपये बताई गई है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम आदित्य संतोष लडे (21), आदित्य पुरुषोत्तम कडू (31), सम्मक सुरेश ढोके (21) तथा भावेश किशोर गोंडाने (21) है.
जानकारी के मुताबिक सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो सामने आया था, जिसमें कुछ युवक चारपहिया वाहन में बैठकर हाथों में प्राणघातक हथियार लिए नजर आ रहे थे. सार्वजनिक स्थान पर इस तरह हथियारों का प्रदर्शन कर लोगों में भय पैदा करने का प्रयास किए जाने की आशंका के चलते पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया.
* पेट्रोलिंग के दौरान आरोपियों की तलाश
राजापेठ के थानेदार संदीप चव्हाण के निर्देश पर सहायक पुलिस निरीक्षक नितीन शिंदे और डीवी दल ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की तलाश शुरू की. इसके साथ ही तड़ीपार आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के उद्देश्य से भी थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग बढ़ाई गई. जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ा. उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 135 के तहत मामला दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.
* पांच चाकू और सेल्टॉस कार जब्त
पुलिस ने इस कार्रवाई में पांच लोहे के चाकू जब्त किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 3,900 रुपये बताई गई है. इसके अलावा मामले में इस्तेमाल की गई किआ सेल्टॉस कार क्रमांक एमएच-27-डीई-3811 भी जब्त कर ली हैै, जिसकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये है. पूछताछ में एक आरोपी ने बताया कि उक्त वाहन पद्मसौरभ कॅलोनी निवासी उसके चाचा राहुल सुभाष टाले का है और वह उनकी जानकारी के बिना वाहन लेकर गया था. जांच के लिए वाहन को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है.
* चार आरोपियों पर कार्रवाई
इस मामले में पुलिस ने पुष्पक कॉलोनी निवासी आदित्य संतोष लडे (21), पोस्टमन कॉलोनी निवासी आदित्य पुरुषोत्तम कडू (31), फॉरेस्ट कॉलोनी निवासी सम्मक सुरेश ढोके (21) तथा रविनगर निवासी भावेश किशोर गोंडाने (21) के खिलाफ कार्रवाई की है. पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर चाकू अथवा अन्य घातक हथियारों के साथ स्टेटस रखने, वीडियो बनाने या ऐसे वीडियो को प्रसारित करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी. पुलिस ने युवाओं से सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर कानून-व्यवस्था के लिए परेशानी पैदा करने से बचने की अपील की है.





