अंजनगांव सुर्जी तहसीलस्तरिय मंदिर विश्वस्तों की बैठक
महाराष्ट्र देवस्थान समिति का आयोजन

* विविध विषयों पर की चर्चा
अमरावती/दि.15– मंदिर संस्कृति की रक्षा व संवर्धन तथा देवस्थान को पुरस्कार में दी गई जमीन का संरक्षण मंदिरों में पारदर्शक व प्रभावी व्यवस्थापन तथा मंदिर विश्वस्तों को संगठित व्यासपीठ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से महाराष्ट्र देवस्थान समिति, अमरावती जिले की ओर से 3 अक्तूबर को अमरावती स्थित एकवीरा मंगल कार्यालय में विश्वस्त महापरिषद का आयोजन किया जा रहा है. महापरिषद की सविस्तर जानकारी देने महाराष्ट्र देवस्थान समिति की ओर से स्थानीय बालाजी मंदिर काठीपुरा में अंजनगांव सुर्जी तहसील मंदिर विश्वस्तों की बैठक संपन्न हुई.
इस अवसर पर अंजनगांव सुर्जी तहसील के मंदिर विश्वस्त, संस्थाओं के अध्यक्ष, पदाधिकारी, पुजारी, सेवाधारी तथा धर्मप्रेमी नागरीक बडी संख्या में उपस्थित थे. इस अवसर पर मंदिरों की विविध समस्या, देवस्थान को मिली पुरस्कार में जमीन, राजस्व पंजीयन, मंदिर प्रशासन, कानूनी अडचने, धार्मिक उपक्रम तथा मंदिरों के सर्वांगिण विकास के लिए संगठित होकर कार्य करने वाले विविध विषयों पर सविस्तार से चर्चा की गई.
बैठक में नागेश्वर महादेव संस्थान धामंत्री अध्यक्ष कैलासकुमार पनपालिया, विश्वस्त रवींद्र भोयर, श्री बालाजी संस्थान काठीपुरा के अध्यक्ष जगदीश सारडा, महाराष्ट्र देवस्थान समिति वर्धा जिला समन्वयक व रघुनाथ महाराज संस्था के अध्यक्ष धनराज वेलणकर, रुख्मिणी विदभर पीठ के विश्वस्त श्रीकृष्ण माहोरे आदि मान्यवर उपस्थित थे. सभी मान्यवरों की उपस्थिति में मंदिर विश्वस्तों को 3 अक्तूबर को अमरावती स्थित एकवीरा मंगल कार्यालय में आयोजित विश्वस्तों की महापरिषद को लेकर महाराष्ट्र देवस्थान समिति के विश्वस्तों ने विस्तृत जानकारी दी.





