आओ बाबा आओ पधारो म्हारे आंगनियां….
ओम प्रकाश बाहेती निवास पर जम्मा जागरण

* मनमोहन जाजू ने प्रस्तुत किए सभी 24 परचे
अमरावती/दि.15– भगवान श्री रामदेव बाबा के भादवां मेला उत्सव अंतर्गत दंडे प्लॉट स्थित ओमप्रकाश बाहेती परिवार के यहां जम्मा जागरण का आयोजन सफल किया गया. बाबा की सांची ज्योत जगाने के साथ जस गायक मनमोहन जाजू और सहयोगियों ने बाबा के सभी 24 चमत्कारी परचों का सुंदर बखान कर उपस्थित भाविकोे को सराबोर कर दिया. अपने जम्मा जागरण में बाबा की प्रेरक जीवनी के बखान के साथ ही भजनों की सुंदर कडियां जोडी गई. जो उपस्थितों को खूब पसंद आयी. भाविक थिरक उठे थे.इस अंदाज में बाबा का जन्मोत्सव और ब्यावला प्रसंग प्रस्तुत किया गया.
उल्लेखनीय है कि बाहेती परिवार के यहां वर्षो से भादवां माह में बाबा का जागरण जम्मा अवश्य होता है. उसी प्रकार मनमोहन जाजू भी सभी परचों के बखान के लिए प्रसिध्द हो चले हैं. वे पुखराज जी बोहरा की अंगूली पकडकर, उनके स्वर में कोरस लगाकर जम्मा जागरण का बखान करते रहे हैं. अब व्यक्तिगत रूप से जाजू को भी उनकी भगवान रामदेव बाबा के प्रति अगाध श्रध्दा के कारण भाविक जम्मा जागरण हेतु सादर आमंत्रित करते आए हैं. इसी कडी में बाहेती जी के यहां जम्मा में विविध प्रसंग बडे ही रोचक अंदाज में जाजू और उनके सहयोगी महेश शर्मा, प्रेम जाखोटिया, श्याम दम्माणी, राजेश चांडक रिध्दपुर, हितेश माहुलकर, राजेश तुपोने, विवेक बसेरिया, पवन भैया आदि ने प्रस्तुत किए. बडी संख्या में बाबा भक्त महिलाएं और पुरूष उपस्थित रहे. अकोला, नागपुर, गोंदिया, जलगांव, मंचरियाल सहित अनेक ग्रामों के अतिथि पधारे थे. सभी ने यह भावना बोलकर बताई कि रामदेव बाबा के सभी 24 परचों की कथा उन्होंने पहले कहीं नहीं सुनी. मनमोहन जाजू ने सभी के सहयोग हेतु आभार भी व्यक्त किया.





