ट्रक और बाइक की टक्कर में नाबालिग युवती की मौत
पिता के साथ जा रही थी मृतक, हादसे में पिता भी गंभीर घायल

नागपुर /दि.15- पिता के साथ बाइक पर जा रही 17 वर्षीय लड़की की तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से दर्दनाक मौत हो गई. हादसा रविवार 13 सितंबर की शाम करीब 5.30 बजे हिंगना पुलिस थाना क्षेत्र में वर्धा रोड पर डॉ. राजू देशमुख के फार्महाउस के पास हुआ. मृतका का नाम पांढराबोडी निवासी अनुष्का अनिल मेश्राम (17) है.
जानकारी के मुताबिक अनुष्का अपने पिता अनिल शंकरराव मेश्राम के साथ दोपहिया वाहन से जा रही थी. इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक के अज्ञात चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही अनुष्का और उसके पिता सड़क पर गिर पड़े और दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए एम्स अस्पताल में भर्ती कराया. डॉक्टरों ने जांच के बाद अनुष्का को मृत घोषित कर दिया. वहीं उसके पिता अनिल मेश्राम का अस्पताल में उपचार जारी है. इस मामले में अनिल मेश्राम की शिकायत के आधार पर हिंगना पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस हादसे की जांच कर रही है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी गई है.





