जंगल बुक की झांकी से सभी आकर्षित
अंबानगरी में गणेशोत्सव की धूम

* रविवार रहा गणपति के नाम, पंडालों में उमडी भीड
अमरावती/दि.21– रविवार को शहर के सभी गणेश पंडालों में श्रद्धालुओं का रेला उमडा. जिससे गणेशोत्सव परवान चढा. यह भी स्मरण करा दें कि, गणेश मंडलों ने देश के प्रसिद्ध तीर्थस्थलों के साथ ही अनेक आकर्षक झांकियां इस बार प्रस्तुत की है. उससे भी रविवार की शाम से लेकर देर रात्रि तक श्रद्धालुओं की भारी भीड मंडलों में देखी गई. फिर वह बुधवारा का आजाद और नीलकंठ मंडल हो या, पटवीपुरा का बजरंग मंडल अथवा श्रीकृष्णपेठ का श्रीकृष्ण मंडल. सभी में हजारों की संख्या में दर्शनार्थी उमडे थे. अनेकानेक झांकियों ने लोगों को खासा प्रभावित किया. इसी कडी में सक्करसाथ शनि मंदिर के पास बाल गणेश मंडल में सजाई गई जंगल बुक की झांकी भी दर्शनार्थियों को रोमांचित, हर्षित कर गई.
* क्या है झांकी में
शनि मंदिर के पास बाल गणेश मंडल नई कल्पना के साथ गणपति स्थापना करता आया है. इसी कडी में इस बार जंगल बुक की कृति गणेशोत्सव के माध्यम से दर्शायी गई है. गणपति सिंह की सवारी करते दर्शाये गए हैं. शानदार लाइट इफेक्ट और पोस्टरों के माध्यम से दृश्य को प्रभावी बनाया गया है. सिंह सवार बाल गणेश के साथ ही जंगल बुक के सभी किरदार दर्शाये गए हैं. दर्शनार्थी बरबस देखते रह जाते हैं. प्रशंसा करते हैं. यह आयोजन संपूर्ण रुप से युवाओं ने किया है.
* सभी मंडलों में भारी रश
गत रात सभी मंडलों में दर्शानार्थी उमडे. जिससे भारी भीड का नजारा सर्वत्र रहा. ऐसे में मंडल के पदाधिकारियों ने भी व्यवस्था बनाए रखने मोर्चा संभाल रखा था. आयोजकों को शाम को बादल घुमडने से बारिश की आशंका हो रही थी, किंतु बारिश नहीं होने से उत्सव मंडलों ने राहत महसूस की. कई जगह प्रसादी के आयोजन भी रहे. श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया.





