आखिरी बार गजानन लॉज के पास नजर आया था ललित मेहरे

पत्नी की हत्या के बाद पति फरार

* बडनेरा पुलिस और क्राइम ब्रांच का दल तलाश में जुटा

अमरावती/दि.22– बडनेरा थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या के मामले में फरार चल रहे ललित मेहरे की तलाश पुलिस ने तेज कर दी है. घर से महिला का शव बरामद होने के बाद पति के फरार होने की जानकारी सामने आई. मामले की गंभीरता को देखते हुए बडनेरा पुलिस के साथ शहर अपराध शाखा की अलग-अलग टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं.
गौरतलब है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. आरोप है कि विवाद के दौरान ललित मेहरे ने पत्नी के साथ मारपीट की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी. दोनों के बीच चल रहे विवाद को शांत कराने के लिए मृतका की मां भी मौके पर पहुंची थी. आरोप है कि ललित ने उसके साथ भी मारपीट की. इसके बाद मामला गंभीर हो गया. शनिवार, 19 सितंबर को घर से महिला का शव बरामद होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर पंचनामा किया और जांच शुरू की. इसी दौरान पति ललित मेहरे के फरार होने की जानकारी सामने आई.

* गजानन लॉज के पास मिला अहम सुराग
जांच के दौरान पुलिस को ललित मेहरे की गतिविधियों से जुड़ा एक महत्वपूर्ण सुराग मिला है. जानकारी के मुताबिक, 19 सितंबर की सुबह करीब 11 बजे ललित मेहरे गजानन लॉज के संचालक के पास पहुंचा था. बताया जा रहा है कि उसने लॉज संचालक से 50 रुपये मांगे. कुछ देर वहां रुकने के बाद वह वहां से निकल गया. इसके बाद ललित मेहरे का कोई ठोस सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि लॉज से निकलने के बाद वह किस दिशा में गया और किन लोगों के संपर्क में आया.

* संभावित ठिकानों और संपर्कों की जांच
ललित को आखिरी बार गजानन लॉज के पास देखे जाने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने लॉज और उसके आसपास के संभावित स्थानों की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है. उसके आने-जाने के रास्तों, संभावित ठिकानों तथा संपर्क में आए लोगों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है. जांच में यह भी जानकारी सामने आई है कि ललित मेहरे को शराब पीने की आदत थी और उसका सामाजिक मेलजोल सीमित था. वह रिश्तेदारों अथवा परिचितों के यहां ज्यादा आना-जाना नहीं करता था. ऐसे में उसके संभावित ठिकाने का पता लगाना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है.

Back to top button