अब दोपहर 3 से 5 बजे तक जनता की शिकायतें सुनेंगे राजस्व अधिकारी

जिलाधीश से तहसीलदार तक अधिकारियों के लिए दो घंटे का समय आरक्षित

* इस दौरान बैठक और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर रोक
अमरावती/दि.22- राजस्व विभाग के कार्यालयों में अब आम नागरिकों को अपनी शिकायतें और समस्याएं अधिकारियों के सामने रखने के लिए निर्धारित समय मिलेगा. शासन के निर्देशानुसार दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक का समय नागरिकों से मिलने और उनकी शिकायतें सुनने के लिए आरक्षित किया गया है. इस अवधि में संबंधित अधिकारी किसी आंतरिक बैठक या वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शामिल नहीं होंगे.
इस व्यवस्था के तहत जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी-उपजिलाधिकारी स्तर के अधिकारी, उपविभागीय अधिकारी (एसडीओ), तहसीलदार और नायब तहसीलदार समेत संबंधित राजस्व अधिकारी नागरिकों से मुलाकात करेंगे. अमरावती जिला प्रशासन की वेबसाइट पर भी जिलाधिकारी, एसडीओ और तहसील कार्यालयों के नागरिक सेवा संबंधी दस्तावेज उपलब्ध हैं.

* कार्यालय में लगाना होगा नोटिस बोर्ड
नागरिकों को निर्धारित समय की जानकारी आसानी से मिल सके, इसके लिए सभी संबंधित कार्यालयों के प्रवेश द्वार और अधिकारी कक्ष-लाउंज के बाहर नोटिस बोर्ड लगाना अनिवार्य किया गया है. इस बोर्ड पर दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक का आरक्षित समय स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाएगा.

* विजिटर्स के लिए सेंट्रल रजिस्टर
कार्यालय में आने वाले नागरिकों के लिए सेंट्रल विजिटर रजिस्टर भी रखा जाएगा. इसमें अधिकारियों से मिलने आने वाले लोगों की जानकारी दर्ज की जाएगी. इससे शिकायत लेकर आने वाले नागरिकों की संख्या और उनकी समस्याओं के निराकरण की प्रक्रिया पर नजर रखना संभव होगा.

* दो घंटे में नहीं होंगी बैठकें और वीसी
सरकार द्वारा निर्धारित इस दो घंटे की अवधि में अधिकारियों के लिए आंतरिक बैठक अथवा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग आयोजित नहीं की जाएगी. अधिकारियों को यह समय आम नागरिकों की समस्याएं सुनने और उनके समाधान के लिए देना होगा.

* अधिकारी उपलब्ध नहीं तो पहले से देनी होगी सूचना
यदि किसी अधिकारी को अत्यावश्यक सरकारी काम, निर्धारित दौरे, मंत्रियों या वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक के कारण कार्यालय में उपलब्ध रहना संभव नहीं है, तो इसकी जानकारी पहले से नोटिस बोर्ड पर प्रदर्शित करनी होगी. इससे नागरिकों को बेवजह कार्यालय के चक्कर लगाने से बचाया जा सकेगा.

* तहसील कार्यालयों को दिए गए निर्देश
राजस्व विभाग के निर्देशों के बाद जिले के संबंधित तहसील और राजस्व कार्यालयों में इस व्यवस्था को लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. अधिकारियों को नागरिकों के लिए निर्धारित समय का नियमित रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं.

* शिकायतों के त्वरित निराकरण पर जोर
राजस्व कार्यालयों में जमीन, प्रमाणपत्र, राजस्व अभिलेख, मुआवजा, अतिक्रमण और अन्य प्रशासनिक मामलों को लेकर बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचते हैं. निर्धारित दो घंटे मिलने से नागरिक सीधे संबंधित अधिकारी के समक्ष अपनी समस्या रख सकेंगे और उसके निराकरण की प्रक्रिया को गति मिलने की उम्मीद है.

Back to top button