मनपा स्कूलों के विद्यार्थियों का अंग्रेजी बोलने का आत्मविश्वास बढ़ाएगा ‘इंग्लिश क्लब’

हर स्कूल में एक शिक्षक को बनाया गया ‘ब्रांड एम्बेसडर’

* विद्यार्थियों के लिए तैयार किया गया स्वतंत्र एवं रोचक पाठ्यक्रम
अमरावती /दि.24- अमरावती महानगरपालिका के स्कूलों में पढ़ने वाले सामान्य एवं जरूरतमंद वर्ग के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग ने नई पहल शुरू की है. विद्यार्थियों में अंग्रेजी भाषा को लेकर झिझक और डर दूर करने तथा उन्हें सहज एवं आत्मविश्वास के साथ अंग्रेजी में संवाद करने में सक्षम बनाने के लिए सभी मनपा स्कूलों में ‘इंग्लिश क्लब’ की स्थापना की गई है.
इस पहल का उद्देश्य मनपा स्कूलों के विद्यार्थियों को निजी अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के विद्यार्थियों की तरह अंग्रेजी बोलने का अवसर उपलब्ध कराना है. विद्यार्थियों के मन में अंग्रेजी भाषा को लेकर बनी झिझक दूर करने के साथ ही उन्हें दैनिक जीवन में अंग्रेजी का सहज उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा. इसके लिए मनपा शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए स्वतंत्र एवं रोचक पाठ्यक्रम तैयार किया है. ‘इंग्लिश क्लब’ की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रत्येक स्कूल के एक सक्रिय एवं उपक्रमशील शिक्षक को ‘ब्रांड एम्बेसडर’ की जिम्मेदारी सौंपी गई है. पूरे शैक्षणिक वर्ष के दौरान विद्यार्थियों के लिए विभिन्न संवाद सत्र, अंग्रेजी भाषण, संभाषण, प्रतियोगिताएं तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी. इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अंग्रेजी का अभ्यास करने के साथ ही सार्वजनिक रूप से अंग्रेजी में अपनी बात रखने का अवसर मिलेगा.
इसी सिलसिले में हाल ही में महानगरपालिका उच्च प्राथमिक स्कूल, महादेवखोरी में सभी ब्रांड एम्बेसडर शिक्षकों की महत्वपूर्ण नियोजन बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता मनपा के शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रकाश मेश्राम ने की. उन्होंने शिक्षकों को पूरे वर्ष के शैक्षणिक नियोजन की जानकारी दी और ‘इंग्लिश क्लब’ के अंतर्गत आयोजित किए जाने वाले विभिन्न उपक्रमों एवं प्रतियोगिताओं के प्रारूप पर विस्तार से चर्चा की. बैठक में स्कूल निरीक्षक योगेश पखाले, ज्योति बनसोड, उपक्रम प्रभारी चेतन आर्वीकर, रोहन वासनिक तथा मुख्याध्यापक प्रशांत नालसे सहित मनपा स्कूलों के सभी ब्रांड एम्बेसडर शिक्षक उपस्थित थे.

Back to top button