इतवारा रोड पर प्लास्टिकमुक्ति अभियान, 7,500 रुपये जुर्माना वसूला
प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर 5 हजार का दंड

* डस्टबिन नहीं रखने वालों पर भी कार्रवाई
अमरावती/दि.24- अमरावती महानगरपालिका की ओर से शहर को प्लास्टिकमुक्त बनाने और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से इतवारा रोड परिसर में विशेष अभियान चलाया गया. मनपा आयुक्त डॉ. मंगेश गोंदावले, अतिरिक्त आयुक्त शिल्पा नाईक तथा उपायुक्त भाग्यश्री बोरेकर के आदेश पर की गई इस कार्रवाई में नियमों का उल्लंघन करने वालों से कुल 7,500 रुपये का जुर्माना वसूल किया गया.
वैद्यकीय अधिकारी डॉ. अजय जाधव, स्वास्थ्य अधीक्षक विजय बुरे तथा सहायक आयुक्त के मार्गदर्शन में मनपा के दल ने इतवारा रोड परिसर में विभिन्न दुकानों और प्रतिष्ठानों की जांच की. इस दौरान प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल, बिक्री व भंडारण के साथ ही परिसर में स्वच्छता तथा नियमानुसार दो डस्टबिन उपलब्ध हैं या नहीं, इसकी भी जांच की गई. जांच के दौरान ईश्वरी ट्रेडर्स के यहां प्रतिबंधित प्लास्टिक का इस्तेमाल पाए जाने पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया. वहीं पवन मोलानी और रोहित असूदानी के यहां दो डस्टबिन का इस्तेमाल नहीं किए जाने पर प्रत्येक से 1 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया. इसके अलावा राजू राजवानी के यहां एक डस्टबिन उपलब्ध नहीं होने पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया. इस तरह मनपा की कार्रवाई में कुल 7,500 रुपये का दंड वसूल किया गया. महानगरपालिका की ओर से प्रतिबंधित प्लास्टिक के इस्तेमाल और स्वच्छता नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की जानकारी दी गई है. अभियान में प्लास्टिक नोडल अधिकारी ए.के. गोहर, प्लास्टिक स्वास्थ्य निरीक्षक सचिन सैनी, स्वास्थ्य निरीक्षक निखिल खंगाले, शाहू जवंजाल और इमरान खान सहित मनपा के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे.





