मिलावटी मिठाइयों पर एफडीए की नजर, तीन दिनों में 30 ठिकानों की जांच
शहर में 14 और ग्रामीण क्षेत्रों में 16 स्थानों पर छापेमारी जैसी कार्रवाई

* दूध-मिठाई के 35 नमूने जांच के लिए भेजे
अमरावती /दि. 24 – गणेशोत्सव के दौरान मिठाइयों और डेयरी उत्पादों की बढ़ती मांग को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने जिलेभर में निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है. पिछले तीन दिनों में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में कुल 30 स्थानों की जांच कर डेयरी उत्पादों के 35 नमूने लिए गए हैं. इन सभी नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है. शहर में पिछले तीन दिनों के दौरान 14 स्थानों पर निरीक्षण किया गया. इस दौरान मिठाइयों और डेयरी उत्पादों के 15 नमूने लिए गए. यह कार्रवाई संयुक्त आयुक्त सबिन केदार और सहायक आयुक्त विनय चव्हाण के मार्गदर्शन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों गजानन गोरे और अदिति देशमुख ने की.
* ग्रामीण क्षेत्रों में भी अभियान तेज
गणेशोत्सव के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में भी मिठाइयों और दूध से बने उत्पादों की मांग बढ़ गई है. इसे देखते हुए एफडीए ने ग्रामीण इलाकों में भी विशेष जांच अभियान चलाया. पिछले तीन दिनों में 16 स्थानों का निरीक्षण किया गया और विभिन्न डेयरी उत्पादों के 20 नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए. ग्रामीण क्षेत्रों में यह अभियान खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनुराग चव्हाण, घनश्याम दंदे और डॉ. विजय घुगे की टीम द्वारा चलाया जा रहा है.
* महाप्रसाद की भी जांच
एफडीए की ओर से केवल बाजार में बिकने वाली मिठाइयों और डेयरी उत्पादों की ही जांच नहीं की जा रही, बल्कि गणेशोत्सव के दौरान वितरित किए जाने वाले महाप्रसाद के नमूनों की भी जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के कारण मिलावट की आशंका को देखते हुए अभियान लगातार जारी रहेगा.
* रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई
एफडीए अधिकारियों के अनुसार, पिछले तीन दिनों में लिए गए 35 नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं. जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट या खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित विक्रेता या प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. सहायक आयुक्त विनय चव्हाण ने बताया कि गणेशोत्सव के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए जिले में निरीक्षण अभियान जारी है और अब तक 35 से अधिक नमूने जांच के लिए लिए जा चुके हैं.





