दामाद ने सास के पेट में चाकू घोंपा
खुद के खिलाफ थाने में शिकायत से भड़क कर किया हमला

* ससुराल पहुंचकर चार लोगों पर चलाया चाकू, हमले में दो महिलाएं गंभीर घायल
* पुलिस ने आरोपी दामाद को दबोचा, मामले की जांच शुरू
अमरावती/दि.24- गाडगेनगर थाना क्षेत्र के नवसारी स्थित महात्मा फुले कॉलोनी में बुधवार शाम घरेलू विवाद और पुलिस में शिकायत करने से नाराज दामाद ने अपने ससुराल पहुंचकर जमकर हंगामा किया. विवाद बढ़ने पर उसने चाकू निकालकर अपनी सास समेत ससुराल के चार सदस्यों पर जानलेवा हमला कर दिया. हमले में सास सारिका जामनिक और चंदा चोपडे गंभीर रूप से घायल हुई हैं. आशीष साहरे और छाया शिरोड़े पर भी चाकू से वार किए जाने की जानकारी है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना बुधवार शाम करीब 6 बजे की बताई गई है. हमले में घायल सभी लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया. सारिका जामनिक के पेट में चाकू से गंभीर वार किए जाने के कारण उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार, आरोपी अमर वानखड़े चाकू लेकर ससुराल पहुंचा और परिवार के लोगों से विवाद करने लगा. सारिका जामनिक पर हमला होते देख परिजनों ने बीच-बचाव का प्रयास किया. इसी दौरान आरोपी ने चंदा चोपडे, आशीष साहरे और छाया शिरोड़े पर भी चाकू से वार कर दिए. इसके बाद वह मौके से फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही गाडगेनगर पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर घायलों और परिजनों से जानकारी जुटाई तथा आरोपी की तलाश शुरू की. पुलिस की तत्परता से अमर वानखड़े को कुछ ही देर में गिरफ्तार कर लिया गया. मामले में आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की गई है.
पुलिस के अनुसार, नवसारी निवासी सारिका जामनिक की बेटी का विवाह करीब 10 वर्ष पहले खल्लार थाना क्षेत्र के कमारपुर तरोडा निवासी अमर वानखड़े से हुआ था. विवाह के कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद शुरू हो गया. विवाद बढ़ने पर करीब तीन वर्ष पहले अमर की पत्नी उसे छोड़कर मायके में आकर रहने लगी थी. इसके बाद दोनों के बीच संपर्क लगभग बंद था. बताया गया है कि करीब एक सप्ताह पहले अमर ने अचानक अपनी सास सारिका को फोन कर पत्नी के बारे में पूछताछ शुरू की. आरोप है कि इस दौरान उसने सास के साथ गाली-गलौज की और बाद में पत्नी की आपत्तिजनक तस्वीरें मोबाइल के स्टेटस पर लगाने लगा.
अमर की कथित हरकतों से परेशान होकर उसकी पत्नी ने मंगलवार को गाडगेनगर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच के सिलसिले में अमर वानखड़े को बुधवार दोपहर पूछताछ के लिए थाने बुलाया था. पूछताछ के बाद अमर सीधे अपने ससुराल पहुंच गया. आरोप है कि उसके हाथ में चाकू था और वहां पहुंचते ही उसने हंगामा शुरू कर दिया. परिवार के लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही उसने चाकू से हमला कर दिया. पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है.





