बाइक की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगाकर घूम रहे लुटेरे दबोचे

बडनेरा पुलिस ने चार नाबालिग समेत पांच को पकड़ा

* दो चाकू, तीन बाइक और मोबाइल सहित 3.41 लाख का माल जब्त
अमरावती/दि.24- लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगाकर कोंडेश्वर मार्ग पर घूम रहे पांच आरोपियों को बडनेरा पुलिस ने धर दबोचा. इनमें चार नाबालिग शामिल हैं. आरोपियों के पास से तीन बाइक, एक मोबाइल और दो चायना चाकू सहित कुल 3.41 लाख रुपए का माल जब्त किया गया है. मामले का एक आरोपी अभी फरार है. पूछताछ में आरोपियों से लूट की एक अन्य वारदात का भी खुलासा हुआ है.
पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात दो नाबालिग युवक बाइक क्रमांक एमएच-27/डीएन-5070 से पुराने बायपास की ओर जा रहे थे. होटल बगिया के पास दो बाइकों पर सवार पांच से छह युवकों ने उन्हें गुटखा मांगने के बहाने रोका. दोनों युवकों के रुकते ही आरोपियों ने चाकू दिखाकर उन्हें धमकाया और मोबाइल व पल्सर बाइक समेत करीब 1.99 लाख रुपए का सामान लूट लिया. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.
वारदात की सूचना मिलते ही बडनेरा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की. इसी दौरान बुधवार को पुलिस को सूचना मिली कि कुछ युवक कोंडेश्वर मार्ग पर बाइक की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगाकर घूम रहे हैं. पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर पांच युवकों को हिरासत में लिया. पूछताछ में उन्होंने लूट की वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन बाइक, एक मोबाइल और दो चायना चाकू सहित 3.41 लाख रुपए का माल जब्त किया है. गिरफ्तार मुख्य आरोपी की पहचान अमन संतोष सोनोने (22, कांडलकर प्लॉट, खोलापुरी गेट) के रूप में हुई है. उसके साथ चार नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है. जांच के दौरान आरोपियों से एक अन्य लूट की वारदात की जानकारी भी सामने आई है. पुलिस अब दोनों घटनाओं में आरोपियों की भूमिका, उनके अन्य साथियों और लूटे गए माल के संबंध में आगे पूछताछ कर रही है.

Back to top button