खेल विभाग की योजनाओं का लाभ उठाएं

* श्री बजरंग गणेशोत्सव मंडल में ‘जनसंवाद’
* खेल योजनाओं और खिलाड़ियों के अनुभवों पर हुई चर्चा
अमरावती/दि. 25– खेल के प्रति घर में बने माहौल से शुरू हुआ सफर, विभिन्न प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल करने के बाद उपजिलाधिकारी पद की जिम्मेदारी संभालने तक का अपना प्रेरणादायी अनुभव साझा करते हुए उपजिलाधिकारी दुर्गा देवरे ने खेल क्षेत्र से जुड़े सभी लोगों से शासन की विभिन्न खेल योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया. पटवीपुरा स्थित श्री बजरंग गणेशोत्सव मंडल में आयोजित ‘जनसंवाद’ कार्यक्रम में उन्होंने नागरिकों से संवाद साधते हुए यह बात कही.
महाराष्ट्र सरकार और केंद्र सरकार के खेल विभाग की ओर से खिलाड़ियों तथा खेल क्षेत्र के विकास के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं. इनमें खेलो इंडिया, टारगेट ओलंपिक पोडियम योजना, जिमखाना विकास योजना, खेल मैदान विकास योजना, खिलाड़ियों के लिए सम्मान, प्रोत्साहन एवं पुरस्कार तथा स्कूलों को प्रोत्साहनात्मक अनुदान जैसी महत्वपूर्ण योजनाएं शामिल हैं. इन योजनाओं के चलते पिछले दशक में खेल क्षेत्र के विकास को गति मिली है. खिलाड़ियों और खेल क्षेत्र से जुड़े अन्य लोगों को इन योजनाओं की जानकारी लेकर इनका लाभ उठाना चाहिए, ऐसा देवरे ने कहा.
* गणेशोत्सव के दौरान ‘जनसंवाद’ का आयोजन
गणेशोत्सव के दौरान राज्यभर में सरकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से ‘जनसंवाद’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इसी उपक्रम के तहत जिला सूचना कार्यालय की ओर से गुरुवार को श्री बजरंग गणेशोत्सव मंडल में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस अवसर पर जिला खेल कार्यालय की ओर से खेल एवं युवा संचालनालय तथा खेल विभाग के माध्यम से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की प्रदर्शनी लगाई गई. नागरिकों को इन योजनाओं के संबंध में जानकारी दी गई और खिलाड़ियों के लिए उपलब्ध सरकारी सुविधाओं के बारे में बताया गया.
* खुद खिलाड़ी रह चुकी हैं दुर्गा देवरे
श्री बजरंग गणेशोत्सव मंडल में दर्शन के लिए पहुंचीं उपजिलाधिकारी दुर्गा देवरे स्वयं एक उत्कृष्ट खिलाड़ी रही हैं. इसलिए उन्होंने लोकसंवाद कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लिया और उपस्थित नागरिकों के साथ खेल क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर बातचीत की. कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने देवरे के खेल क्षेत्र से प्रशासनिक सेवा तक के प्रेरणादायी सफर के बारे में जानकारी ली. साथ ही, खिलाड़ी के रूप में उन्हें शासन की किन योजनाओं का लाभ मिला और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने में इन योजनाओं की किस तरह मदद मिली, इस संबंध में भी सवाल पूछे. देवरे ने सवालों के जवाब देते हुए अपने अनुभव साझा किए. उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के खेल विभाग की ओर से खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं. खिलाड़ियों, खेल संगठनों, स्कूलों और खेल क्षेत्र से जुड़े अन्य लोगों को इन योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाना चाहिए.
* विदर्भ केसरी संजय तिरथकर ने भी साझा किया अनुभव
जनसंवाद कार्यक्रम में विदर्भ केसरी प्रा. संजय तिरथकर ने भी भाग लिया. उन्होंने अपने कुश्ती के सफर के बारे में उपस्थित लोगों को जानकारी दी. खेल के क्षेत्र में आने वाली चुनौतियों, मेहनत और प्रतियोगिताओं के अनुभवों को उन्होंने साझा किया. इस दौरान खेल क्षेत्र में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने तथा खिलाड़ियों को उपलब्ध अवसरों की जानकारी उन तक पहुंचाने पर भी चर्चा हुई.
* बेटियों की खेलों में भागीदारी पर चर्चा
कार्यक्रम में अमृता और टीना सुगंधी मां-बेटी की जोड़ी ने भी सहभागिता की. दोनों ने खेल क्षेत्र में लड़कियों के योगदान और उनकी बढ़ती भागीदारी पर अपने विचार व्यक्त किए. टीना सुगंधी ने टेनी क्वॉइट खेल में जिला एवं राज्य स्तर पर हासिल किए अपने अनुभव साझा किए. उन्होंने बताया कि खेलों के माध्यम से लड़कियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर भी मिलता है.
* वरिष्ठ नागरिक ने सुनाईं शंकरपट की यादें
जनसंवाद कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिक बाबूलाल मामर्डे ने भी अपने विचार व्यक्त किए. उन्होंने अपने समय में खेले जाने वाले विभिन्न खेलों और खेलों के माध्यम से शरीर को स्वस्थ एवं मजबूत बनाए रखने के लाभों पर प्रकाश डाला. इस दौरान उन्होंने पारंपरिक शंकरपट से जुड़ी अपनी पुरानी यादें भी साझा कीं.
* खेल पुरस्कार और युवा योजनाओं की जानकारी
कार्यक्रम की शुरुआत जिला सूचना कार्यालय के सूचना अधिकारी रितेश भुयार के प्रस्ताविक वक्तव्य से हुई. उन्होंने ‘जनसंवाद’ उपक्रम की जानकारी दी तथा कार्यक्रम का संयोजन किया. जिला खेल अधिकारी कार्यालय के खेल अधिकारी संतोष विघ्ने और तालुका खेल अधिकारी अनिल इंगले ने खेल विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी. इनमें खेल पुरस्कार योजना, युवा पुरस्कार योजना, राज्य एवं राष्ट्रीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम तथा राज्य युवा विकास निधि सहित अन्य योजनाओं के बारे में नागरिकों को बताया गया. कार्यक्रम में श्री बजरंग गणेशोत्सव मंडल के अध्यक्ष डॉ. राजेश जवादे, संयोजक गजानन परिहार, प्रचार प्रमुख संजय मापले सहित मंडल के पदाधिकारी और नागरिक उपस्थित थे





