पाइपलाइन फूटने से आठ दिन से जलापूर्ति ठप, खड्डे में बैठकर किया आंदोलन

गुड्डू इंगले हुए आक्रामक, 24 घंटे में पानी शुरू करने का लिखित आश्वासन

अमरावती/दि. 25– शेगांव रोड पर एयरटेल मोबाइल कंपनी के काम के दौरान महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण की मुख्य जलापूर्ति पाइपलाइन फूट जाने से पिछले आठ दिनों से शेगांव क्षेत्र के नागरिकों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है. पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बावजूद उसकी मरम्मत का काम धीमी गति से चलने से नागरिकों में भारी नाराजगी थी. आखिरकार गुरुवार को सामाजिक कार्यकर्ता गुड्डू इंगले ने प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताते हुए सड़क किनारे बने गड्ढे में बैठकर आंदोलन शुरू कर दिया.
पानी की आपूर्ति लगातार बंद रहने के कारण शेगांव के नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. नागरिकों और नगरसेवकों की ओर से पिछले कई दिनों से समस्या का समाधान कराने के प्रयास किए जा रहे थे, लेकिन आठ दिन बीत जाने के बाद भी जलापूर्ति पूर्ववत नहीं होने पर आंदोलन का रास्ता अपनाया गया. गुड्डू इंगले के गड्ढे में बैठकर आंदोलन करने से शेगांव रोड पर बड़ी संख्या में नागरिक जमा हो गए. इसके चलते मार्ग पर यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हुई और कुछ समय के लिए भारी यातायात जाम की स्थिति बन गई. पुलिस की मदद से यातायात को सुचारू किया गया, लेकिन आंदोलन जारी रहा.
गुड्डू इंगले ने स्पष्ट किया कि जब तक महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के अधिकारी मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान नहीं करते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. स्थिति को देखते हुए शेगांव प्रभाग क्रमांक 1 के नगरसेवक चंदूभाऊ खेडकर, कल्याणी आकाश तायडे, मजीप्रा के संबंधित अधिकारी तथा गाडगेनगर पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक अपने दल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों और पुलिस की ओर से आंदोलन समाप्त करने की अपील की गई, लेकिन नागरिकों और गुड्डू इंगले ने शेगांव गांव की जलापूर्ति शुरू होने तक आंदोलन वापस लेने से इनकार कर दिया.
इसके बाद सामाजिक कार्यकर्ताओं और सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने मध्यस्थता करते हुए जल्द से जल्द जलापूर्ति शुरू करने की मांग की. मामले को गंभीरता से लेते हुए मजीप्रा अधिकारियों ने अगले 24 घंटे के भीतर पाइपलाइन की मरम्मत कर जलापूर्ति शुरू करने का लिखित आश्वासन दिया. इसके बाद आंदोलन वापस लिया गया. आंदोलन स्थल पर भीम ब्रिगेड के अध्यक्ष राजेश वानखड़े, क्रांति सेना के अध्यक्ष रितेश तेलमोरे तथा सामाजिक कार्यकर्ता रामेश्वर रामटेके उपस्थित थे. आंदोलन में सचिन बागड़े, सुरेश कांबले, राहुल गुडधे, अनिल तायड़े और राधा कांबले सहित अनेक नागरिकों ने सहभाग लिया. आंदोलन के दौरान शेगांव गांव के नागरिकों की बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई थी.

Back to top button