घरेलू गैस सिलेंडर से ऑटो में अवैध रिफिलिंग का भंडाफोड़
एलसीबी की कार्रवाई में पांच आरोपी पकड़े गए

* 12.31 लाख का माल जब्त
अमरावती /दि. 25– घरेलू उपयोग के एलपीजी सिलेंडर से ऑटो रिक्शा में अवैध रूप से गैस रिफिलिंग करने वाले गिरोह के खिलाफ अमरावती ग्रामीण की ग्रामीण अपराध शाखा ने कार्रवाई की है. नांदगांव खंडेश्वर थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में पांच आरोपियों को पकड़ा गया. पुलिस ने चार ऑटो रिक्शा, घरेलू गैस सिलेंडर, रिफिलिंग मशीन सहित कुल 12 लाख 31 हजार 150 रुपए का माल जब्त किया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम शेख जमीर शेख अलाउद्दीन (30), अल्तमश खान शब्बीर खान (23), अब्दुल कय्यूम शेख महबूब (42), रवींद्र गोविंदराव वानखड़े (57) और शेख मुन्ना शेख शब्बीर (24)है. यह सभी नांदगांव खंडेश्वर निवासी है.
जानकारी के मुताबिक पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देश पर आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. 24 सितंबर को नांदगांव खंडेश्वर थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान एलसीबी दल को जानकारी मिली कि बहिरम बाबा पहाड़ी के पास चांदुर रेलवे रोड पर शेख जमीर शेख अलाउद्दीन घरेलू उपयोग के एलपीजी सिलेंडर से ऑटो रिक्शा में अवैध रूप से गैस भर रहा है. इस जानकारी के आधार पर एलसीबी दल ने तहसील कार्यालय के अधिकारी और पंचों की मौजूदगी में मौके पर छापा मारा. पुलिस के मुताबिक वहां शेख जमीर को बिजली की मोटर और रिफिलिंग उपकरण की मदद से ऑटो रिक्शा में घरेलू गैस सिलेंडर से एलपीजी भरते हुए पाया गया. कार्रवाई के दौरान चार ऑटो रिक्शा सहित अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया.
* 12.31 लाख का माल जब्त
पुलिस ने मौके से करीब 12 लाख रुपए कीमत के चार ऑटो रिक्शा, घरेलू उपयोग के गैस सिलेंडर, इलेक्ट्रिक गैस रिफिलिंग पंप मशीनें, रिफिलिंग होज, नोजल, वजन कांटा और इलेक्ट्रिक एक्सटेंशन बॉक्स सहित कुल 12 लाख 31 हजार 150 रुपए का माल जब्त किया. जब्त घरेलू गैस सिलेंडर ज्वलनशील होने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से उसे स्थानीय गैस एजेंसी की सुपुर्दगी में रखा गया है. मामले में नांदगांव खंडेश्वर थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है. पुलिस मामले में गैस की अवैध रिफिलिंग और बिक्री से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम और अपर पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़ के मार्गदर्शन में एलसीबी पुलिस निरीक्षक अशोक लांडे के नेतृत्व में सतीश जालटे, मंगेश लकड़े, सचिन मसांगे, हर्षल काले और संजय प्रधान की टीम ने की.





