अकालग्रस्त किसानों को दी जाए समुचित सहायता
विधायक प्रताप अडसड ने सीएम फडणवीस से की चर्चा

* जिले में तत्काल पंचनामे और आर्थिक सहायता की मांग
* मुख्यमंत्री फडणवीस ने दिया आवश्यक मदद का भरोसा
अमरावती/दि.25- अमरावती जिले में बारिश की कमी से पैदा हुई अकाल जैसी स्थिति के बीच भाजपा के ग्रामीण जिलाध्यक्ष एवं धामणगांव रेल्वे निर्वाचन क्षेत्र के विधायक प्रताप अडसड ने गुरुवार को अमरावती विमानतल पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर जिले की गंभीर स्थिति से अवगत कराया. विधायक प्रताप अडसड ने बारीश के अभाव में फसलों की प्रभावित स्थिति, किसानों के सामने खड़े आर्थिक संकट और तत्काल राहत की आवश्यकता पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से चर्चा की.
इस समय विधायक प्रताप अडसड ने सीएम फडणवीस को बताया कि बारिश ने लंबा अंतराल लेने के कारण जिले के कई क्षेत्रों में खरीफ फसलों की वृद्धि प्रभावित हुई है तथा फसलों को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है. इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है. उन्होंने मुख्यमंत्री फडणवीस से जिले की स्थिति का तत्काल आकलन कराकर फसल नुकसान के पंचनामे कराने तथा प्रभावित किसानों को शासन की ओर से उचित आर्थिक सहायता और आवश्यक राहत उपलब्ध कराने की मांग की. विधायक प्रताप अडसड ने कहा कि अमरावती जिले के किसानों को मौजूदा संकट से बाहर निकालने के लिए शासन स्तर पर तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए. नुकसान का वास्तविक आकलन समय पर होने और उसके आधार पर किसानों तक राहत पहुंचने की जरूरत उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने रखी.
विधायक प्रताप अडसड की बातों को गंभीरतापूर्वक सुनने के बाद मुख्यमंत्री फडणवीस ने किसानों को आवश्यक राहत उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के साथ मजबूती से खड़ी है और स्थिति के अनुसार आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी. उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री फडणवीस ने गत रोज अमरावती संभाग के अकाल प्रभावित क्षेत्रों के दौरे के बाद अमरावती विमानतल पर कहा था कि अकाल संहिता के ‘ट्रिगर-1’ के तहत किसानों को तत्काल सहायता देने का शासनादेश 25 सितंबर को जारी किया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र की सहायता की प्रतीक्षा किए बिना राज्य सरकार तत्काल राहत देगी तथा केंद्र से सहायता के लिए आवश्यक पंचनामे और अन्य प्रक्रिया पूरी कर प्रस्ताव भेजा जाएगा.





