राज्य के 5,410 सिंचाई बांधों का होगा स्ट्रक्चरल ऑडिट

बांधों की सुरक्षा की जांच के साथ जल परियोजनाएं भी होंगी शामिल

* स्वतंत्र विशेषज्ञ संस्था करेगी परीक्षण
अमरावती/दि.25- बदलते मौसम और भारी बारिश के कारण बांधों की सुरक्षा को लेकर सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. राज्य के जल संसाधन विभाग के 5,410 सिंचाई बांधों का स्वतंत्र स्ट्रक्चरल ऑडिट कराया जाएगा. इसमें अमरावती जिले के बांध और जल परियोजनाएं भी शामिल होंगी.
ऑडिट के दौरान बांध की नींव, दीवारों की मजबूती, स्पिलवे, गेट, पानी छोड़ने की व्यवस्था, लीकेज, दरारों और अन्य संरचनात्मक कमियों की जांच की जाएगी. साथ ही बांधों की मरम्मत और रखरखाव की जरूरत का भी आकलन होगा.
* 12 लाख लोगों की जलापूर्ति बांधों पर निर्भर
अमरावती जिले में पेयजल, सिंचाई और अन्य जरूरतों के लिए विभिन्न बांधों और जल परियोजनाओं पर करीब 12 लाख लोगों की निर्भरता है. ऐसे में बांधों की सुरक्षा का मुद्दा महत्वपूर्ण माना जा रहा है. वर्तमान में उर्ध्व वर्धा परियोजना में 58.90 प्रतिशत, चंद्रभागा में 94.73 प्रतिशत, पूर्णा में 92.65 प्रतिशत और सपन बांध में 71.63 प्रतिशत जलसंग्रहण दर्ज किया गया है.
* मौसम में बदलाव के बीच सुरक्षा पर जोर
भारी बारिश, बाढ़ और दूसरी ओर सूखे की स्थिति के कारण बांधों पर दबाव बढ़ रहा है. इसी को देखते हुए स्वतंत्र विशेषज्ञ संस्था द्वारा बांधों की मौजूदा संरचनात्मक स्थिति का परीक्षण कराया जाएगा. जांच में किसी तरह का खतरा सामने आने पर आवश्यक मरम्मत, रखरखाव और सुरक्षा उपाय किए जाएंगे.

Back to top button