पुलिस आयुक्तालय के सामने बसपा ने बेची दारू और गांजा
नशीले पदार्थो के खिलाफ अचानक आंदोलन

* नगरसेवक वैद्य, लालू वाले, माटे सहित अनेक डिटेन
* पहले भी दिया था कलेक्ट्रेट पर धरना
अमरावती/दि.25 –क्षेत्र में चल रहे देशी दारू के अवैध धंधे और धडल्ले से हो रही गांजे की तस्करी-विक्री के विरोध में पखवाडे भर पहले जिलाधिकारी कार्यालय के सामने धरना आंदोलन करने के बाद बहुजन समाज पार्टी ने आज सुबह 11 बजे अचानक पुलिस आयुक्तालय के सामने इसी विषय को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया. प्रतिकात्मक रूप से शराब और गांजा विक्री का स्टॉल लगाने का प्रयास किया. बसपा के आंदोलन से सकपकाई पुलिस ने सभी प्रमुख नेताओं- आंदोलनकारियों की धरपकड की. उन्हें डिटेन किया.
यह आंदोलन नगरसेवक सचिन वैद्य, जोन सभापति इस्माईल लालू वाले , नगरसेविका विद्या माटे, प्रदेश सचिव दीपक पाटिल, जिलाध्यक्ष राजू गजभिये, उपाध्यक्ष सुरेश मेश्राम, महासचिव वसंत धंदर के नेतृत्व में किया गया. जोन सभापति लालू वाले ने आरोप लगाया कि समस्त फ्रेजरपुरा परिसर में देशी दारू की बाढ आयी है. इतनी मात्रा में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है. गांजा जैसा नशीला पदार्थ भी धडल्ले से बेचे जाने का आरोप लालू वाले और अन्य बसपा नेताओं ने किया. उन्होंने आरोप लगाया कि पखवाडे भर पहले जिलाधीश कार्यालय पर धरना आंदोलन के बावजूद पुलिस के कान पर जूं नहीं रेंगी. इसलिए आज अल्पकालीक नोटिस पर आंदोलन किया गया. उन्होंने क्षेत्र में युवाओं के शराब और गांजे की लत की चपेट में आने का गंभीर मुद्दा उठाया. उन्होंने परिसर में अवैध शराब और गांजे का कारोबार पर अंकुश लगाने की मांग दोहराई. आगे बसपा द्बारा और तीखा आंदोलन करने की चेतावनी भी दी. पुलिस ने बसपा नेताओं को डिटेन किया. बडी संख्या में बसपा कार्यकर्ताओं ने अपने आपको गिरफ्तार कराया. बाद में इन कार्यकर्ताओं को दोपहर में रिहा कर देने का समाचार है.





