खाद्य तेलों के रेट उतरे, किलो पर 5 रुपए कम
सनफ्लॉवर का आयात शुल्क घटाने का असर

* सोयाबीन और पाम तेल में भी मंदी, मूंगफली जस की तस
* प्रमुख तेल व्यापारी मनोज शर्मा ने दी जानकारी
अमरावती /दि.25- शासन द्वारा दो रोज पहले खाद्य तेलों के आयात शुल्क में की गई कमी का स्थानीय तेल मार्केट में तुरंत असर हुआ है. अभी रेट 5 रुपए प्रति किलो कम हो जाने के साथ संभावना है कि, अगले दो-तीन दिनों में रेट और 2-3 रुपए कम होंगे. यह जानकारी सक्करसाथ के प्रमुख तेल व्यापारी तथा सीताराम ट्रेडर्स के संचालक मनोज शर्मा ने दी. उन्होंने बताया कि, सनफ्लॉवर तेल पर 10 प्रतिशत आयात शुल्क कम किया गया है. जिससे 15 किलो का टीन 2320-2450 रुपए हो गया है. आनेवाले दिनों में किलो के दाम अभी के लीटर वाले हो जाने की संभावना मनोज शर्मा ने व्यक्त की.
उल्लेखनीय है कि, खाडी युद्ध के कारण खाद्य तेलों में बेतहाशा तेजी आई थी. 20 से 30 रुपए प्रति किलो दाम बढ गए थे. इसके बाद देश के अधिकांश भागों में अलनीनो प्रभाव के कारण बारिश की कमी ने भी तेलों के रेट में तेजी कायम रखी. फिर वह सोयाबीन हो या पाम. मूंगफली अथवा सनफ्लावर. सभी प्रकार के प्रमुख खाद्य तेलो में तेजी रही.
शासन ने दो रोज पहले आयात शुल्क में कमी की है. जिसके कारण अमरावती में सोयाबीन, पाम और सनफ्लावर तेलों के रेट 5-7 रुपए प्रति किलो कम होने की जानकारी मनोज शर्मा ने दी. शर्मा ने बताया कि, अगले सप्ताह तक यह दाम और कम होने की उम्मीद है. उन्होंने बताया कि, गणपति प्रसाद को छोडकर फिलहाल मार्केट में ग्राहकी रुकी हुई है. उन्होंने बताया कि, सोयाबीन के 165-168 रुपए प्रति किलो के रेट कम होकर 155-157 की रेंज में आ जाएंगे. ऐसे ही मूंगफली तेल 175-180 रुपए प्रति किलो रहने की संभावना है. उन्होंने बताया कि, आगे भी त्यौहारी सीजन अच्छा चलने की संभावना है. तेल के दाम घटाए जाने से राइस ब्रान का रेट भी 2860 से घटकर 2480-2490 रुपए हो गया है.





