फसलों को बचाने अपर वर्धा बांध से तत्काल पानी छोड़ा जाए

विधायक राजेश वानखड़े ने जल संसाधन विभाग को दिए निर्देश

 कपास और अरहर की फसल बचाने की मांग
अमरावती/दि.29 – तिवसा विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से बारिश नहीं होने और तेज धूप के कारण मुरझा रही फसलों को बचाने के लिए अपर वर्धा बांध से तत्काल पानी छोड़ने की मांग उठी है. विधायक राजेश वानखड़े ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर तिवसा विधानसभा क्षेत्र के लाभार्थी क्षेत्र में कपास और अरहर की फसलों के लिए एक राउंड पानी तत्काल छोड़ने के निर्देश दिए.
तिवसा तहसील में सूखे जैसे हालात बनने के बाद किसानों की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है. इस संबंध में आयोजित बैठक में तिवसा विधानसभा के संयोजक प्रदीप गौरखेड़े, भाजपा के पूर्व तहसील अध्यक्ष नीलेश श्रीखंडे और संजय देशमुख उपस्थित थे. प्रशासन की ओर से जल संसाधन विभाग के अधीक्षक अभियंता राजभोज और कार्यकारी अभियंता मेटकर उमप ने बैठक में भाग लिया.

* 50 दिन से अधिक समय से बारिश का इंतजार
बैठक में विधायक वानखड़े ने कहा कि इस वर्ष अमरावती जिले में लंबे समय तक बारिश नहीं होने से किसानों की स्थिति चिंताजनक हो गई है. करीब 50 दिनों से अधिक समय से बारिश नहीं होने के कारण सोयाबीन की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है. उत्पादन में गिरावट आने से किसानों पर आर्थिक संकट गहराया है. ऐसे हालात में खेतों में बची हुई कपास और अरहर की फसल को सिंचाई का पानी उपलब्ध कराना जरूरी है. यदि समय रहते पानी नहीं मिला तो ये फसलें भी प्रभावित हो सकती हैं. इसलिए अपर वर्धा परियोजना से तत्काल पानी छोड़कर किसानों को राहत देने की मांग विधायक ने की.

* जल्द छोड़ा जाएगा पानी
विधायक राजेश वानखड़े की मांग पर जल संसाधन विभाग के अधीक्षक अभियंता राजभोज ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी. उन्होंने बताया कि अपर वर्धा सिंचाई परियोजना से तिवसा विधानसभा क्षेत्र के लाभार्थी क्षेत्रों तक पानी पहुंचाने की योजना पर युद्धस्तर पर काम शुरू किया जा रहा है. जल्द ही कपास और अरहर की फसलों के लिए पानी छोड़ने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. पानी मिलने से बारिश के अभाव में संकट में फंसी कपास और अरहर की फसलों को जीवनदान मिलने की उम्मीद किसानों में जगी है.

Back to top button