वडाली में पुराने सार्वजनिक शौचालय को हटाकर वाचनालय बनाने की मांग

प्रबुद्ध नगर के नागरिकों ने मनपा आयुक्त को सौंपा ज्ञापन

* विद्यार्थियों के लिए अध्ययन सुविधा उपलब्ध कराने की अपील
अमरावती/दि.29– वडाली के प्रबुद्ध नगर क्षेत्र के नागरिकों ने बुद्ध विहार और रमाई कल्चरल सेंटर के समीप स्थित पुराने सार्वजनिक शौचालय को हटाकर उसी स्थान पर विद्यार्थियों के लिए सार्वजनिक वाचनालय अथवा पुस्तकालय बनाने की मांग की है. इस संबंध में वार्ड क्रमांक 9 के वडाली प्रबुद्ध नगर के नागरिकों की ओर से मनपा आयुक्त को ज्ञापन सौंपा गया.
ज्ञापन में नागरिकों ने बताया कि बुद्ध विहार के समीप स्थित सार्वजनिक शौचालय काफी पुराना और खराब स्थिति में है. शौचालय के कारण आसपास दुर्गंध फैलने की शिकायत नागरिकों ने की है. बुद्ध विहार में प्रतिदिन पूजा-अर्चना के लिए आने वाले नागरिकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है. क्षेत्र में छोटे बच्चों की आवाजाही होने के कारण स्वच्छता और स्वास्थ्य को लेकर भी नागरिकों ने चिंता व्यक्त की है.
* सार्वजनिक जगह के अतिक्रमण पर भी चिंता
जानकारी के मुताबिक संबंधित स्थान खुला क्षेत्र होने के कारण वहां कुछ लोगों द्वारा झोपड़ियां बनाने और वाहन खड़े कर जगह पर कब्जा करने का प्रयास किए जाने की शिकायत भी है. नागरिकों ने प्रशासन से सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण से बचाने तथा उसका उपयोग क्षेत्र के विद्यार्थियों और नागरिकों के हित में करने की मांग की है.
* ‘विद्यार्थियों के भविष्य के लिए हो पुस्तकालय’
ज्ञापन में कहा गया है कि वडाली क्षेत्र में बड़ी संख्या में विद्यार्थी रहते हैं. आर्थिक एवं अन्य परिस्थितियों के कारण कई विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पातीं. ऐसे में यदि मनपा द्वारा यहां सार्वजनिक पुस्तकालय या वाचनालय का निर्माण किया जाता है, तो विद्यार्थियों को शांत और सुविधाजनक वातावरण में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा. नागरिकों ने कहा कि सार्वजनिक स्थान का उपयोग विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए किया जाना चाहिए. रीडिंग रूम में समाचार पत्र, प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें, संदर्भ सामग्री तथा विद्यार्थियों के लिए आवश्यक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे क्षेत्र के युवा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें.
* मनपा से तत्काल कार्रवाई की अपील
नागरिकों ने मनपा आयुक्त से मांग की है कि पुराने सार्वजनिक शौचालय की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाए और उपलब्ध खुली जगह का सर्वेक्षण करते हुए वहां सार्वजनिक रीडिंग रूम अथवा पुस्तकालय निर्माण की संभावनाओं पर विचार किया जाए. साथ ही क्षेत्र में स्वच्छता बनाए रखने और सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण से सुरक्षित रखने की भी मांग की गई है. नागरिकों का कहना है कि वडाली के विद्यार्थियों को यदि बेहतर अध्ययन सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, तो इससे क्षेत्र में शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा और आने वाली पीढ़ी के लिए नए अवसर तैयार होंगे. ज्ञापन सौंपने वालों में समता बहुउद्देशीयय महिला मंडल की अध्यक्ष सूर्यकांता हिवराले, सचिव जयवंता तायडे, मंजूला हिवराले, संगीता गवई, रोशन गवई, शीतल गवई, सारिका मेटांगे, विजया भालेराव, वंदना भगत, सुनीता तायडे, उज्वला भीसे, भूमिका तायडे, उमा सरदार, सीमा तायडे, शुभांगी जाधव, रेखा तायडे, कल्पना तायडे, पूजा खराटे, रिना तायडे, संगीता कालबांडे समेत अन्यों का समावेश था.

Back to top button