कक्षा 9 से 12 तक मिलेगी 12 हजार की सालाना छात्रवृत्ति
एनएमएमएस परीक्षा के लिए करें ऑनलाइन आवेदन

* आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों के लिए योजना
* 8वीं कक्षा के नियमित विद्यार्थी कर सकेंगे आवेदन
अमरावती/दि.29 – आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद की ओर से राष्ट्रीय आर्थिक दुर्बल घटक छात्रवृत्ति योजना 2026-27 परीक्षा आयोजित की जा रही है. इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है. परीक्षा में सफल और पात्र विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक हर महीने 1,000 रुपये यानी सालाना 12,000 रुपये छात्रवृत्ति दी जाएगी.
* 8वीं कक्षा के विद्यार्थी पात्र
इस परीक्षा के लिए सरकारी मान्यता प्राप्त, अनुदानित तथा स्थानीय स्वराज्य संस्था के स्कूलों में पढ़ने वाले 8वीं कक्षा के नियमित विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं. विद्यार्थी ने 7वीं कक्षा कम से कम 55 प्रतिशत अंकों से उत्तीर्ण की होना आवश्यक है. अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों के लिए न्यूनतम अंक सीमा 50 प्रतिशत रखी गई है. इसके अलावा विद्यार्थी के परिवार की वार्षिक आय निर्धारित सीमा के भीतर होना आवश्यक है.
* आवेदन शुल्क की समयसीमा
परीक्षा के लिए निर्धारित समयावधि में आवेदन करने वाले विद्यार्थियों से 120 रुपये नियमित शुल्क लिया जाएगा. विलंब शुल्क के साथ आवेदन करने पर 240 रुपये शुल्क निर्धारित है. स्कूल स्तर पर आवेदन प्रक्रिया और शुल्क जमा करने की अंतिम तिथियों का पालन करना आवश्यक होगा.
* 20 दिसंबर को होगी परीक्षा
एनएमएमएस 2026-27 परीक्षा 20 दिसंबर 2026 को जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी. परीक्षा में विद्यार्थियों की बौद्धिक क्षमता और शैक्षणिक योग्यता की जांच की जाएगी.
* परीक्षा में दो प्रश्नपत्र होंगे
इंटेलिजेंस टेस्ट सुबह 10.30 से दोपहर 12 बजे तक, स्कॉलास्टिक एप्टीट्यूड टेस्ट दोपहर 1.30 से 3 बजे तक दोनों प्रश्नपत्रों के लिए निर्धारित अंक एवं प्रश्नों की संख्या के अनुसार परीक्षा ली जाएगी.
* कक्षा 9वीं से 12वीं तक मिलेगी छात्रवृत्ति
एनएमएमएस के तहत चयनित पात्र विद्यार्थियों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक हर महीने 1 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाती है. यानी विद्यार्थी को चार वर्षों में कुल 48 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल सकती है.
* स्कूल के माध्यम से आवेदन
परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन संबंधित स्कूल के माध्यम से किया जाएगा. आवेदन प्रक्रिया में विद्यार्थी की जानकारी भरते समय किसी प्रकार की त्रुटि होने पर स्कूल लॉगिन के माध्यम से निर्धारित अवधि में उसे सुधारा जा सकेगा.
* मेधावी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई में आर्थिक मदद
एनएमएमएस का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें पढ़ाई जारी रखने के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है. छात्रवृत्ति मिलने से ऐसे विद्यार्थियों को माध्यमिक और उच्च माध्यमिक स्तर की शिक्षा पूरी करने में आर्थिक सहयोग मिलेगा.





