एयरपोर्ट की सुरक्षा को लेकर पुलिस हाई अलर्ट पर
लोणी हाईवे पर लगातार दो रात 5-6 ड्रोन मंडराने से ग्रामीणों में चिंता

अमरावती/दि.29– लोणी थाना क्षेत्र में अकोला की ओर जाने वाले हाईवे पर लगातार दो रात 5-6 ड्रोन उड़ते दिखाई देने से ग्रामीणों में कौतूहल के साथ चिंता का माहौल बन गया. शनिवार और रविवार की रात टाकली गांव के समीप कम ऊंचाई पर तेज रोशनी वाले ड्रोन कुछ समय तक मंडराते दिखाई दिए. इसके बाद वे अचानक काफी ऊंचाई पर चले गए और कुछ देर में नजरों से ओझल हो गए. ड्रोन की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर ग्रामीणों ने तत्काल लोणी पुलिस को सूचना दी. जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र का जायजा लिया. हालांकि, पुलिस के पहुंचने तक ड्रोन वहां से गायब हो चुके थे.
* एयरपोर्ट के कारण सुरक्षा के लिहाज से गंभीर मामला
हाईवे के आसपास एयरपोर्ट होने के कारण पुलिस ने ड्रोन उड़ाए जाने की घटना को गंभीरता से लिया है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रोन किस उद्देश्य से उड़ाए जा रहे थे और इन्हें कौन संचालित कर रहा था. साथ ही रात के समय ड्रोन उड़ाने के लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है.
* टाकली के पास कम ऊंचाई पर दिखाई दिए
ग्रामीणों के मुताबिक टाकली गांव के पास पहले ड्रोन काफी कम ऊंचाई पर दिखाई दिए. कुछ समय तक वे एक ही क्षेत्र में मंडराते रहे. इसके बाद अचानक ऊंचाई बढ़ाकर आसमान में काफी ऊपर चले गए. ड्रोन पर पड़ रही तेज रोशनी के कारण भी ग्रामीणों का ध्यान उनकी ओर गया. हालांकि, ड्रोन की गतिविधियों का वास्तविक उद्देश्य क्या था और उन्हें कौन उड़ा रहा था, इसकी अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
* अनुमति की भी होगी जांच
लोणी पुलिस के मुताबिक ड्रोन जिस क्षेत्र में दिखाई दिए, वहां से एयरपोर्ट कुछ दूरी पर है. इसके बावजूद रात में ड्रोन उड़ाए जाने के कारण सुरक्षा के दृष्टिकोण से उनके संचालन की जांच की जा रही है. यदि जांच में नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो पुलिस की ओर से स्वतः संज्ञान लेकर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी. विलास सानप, थानेदार, लोणी पुलिस स्टेशन ने नागरिकों से अपील की है कि ड्रोन उड़ाए जाने की घटना को लेकर किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें. पुलिस मामले की जांच कर रही है और वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.





