111 ट्रॉली मिट्टी डालकर बदरुद्दीन बाबा कब्रिस्तान का समतलीकरण

बारिश में जलभराव और कीचड़ की समस्या से मिलेगी राहत

 नमाज पढ़ने और आने-जाने में होगी आसानी
अमरावती/दि.30 – वलगांव के बदरुद्दीन बाबा कब्रिस्तान परिसर में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव, कीचड़ और असमतल जमीन की समस्या को दूर करने के लिए सामाजिक सहयोग से 111 ट्रॉली मिट्टी डालकर परिसर का समतलीकरण किया गया. इस कार्य से कब्रिस्तान की साफ-सफाई और देखभाल के साथ ही लोगों को नमाज के लिए आने-जाने में भी सुविधा होगी.
कब्रिस्तान परिसर की जमीन पहले काफी नीची और असमतल होने के कारण बारिश का पानी जमा हो जाता था. पानी जमा रहने से कीचड़ की समस्या पैदा होती थी और लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता था. बारिश के दिनों में कब्रिस्तान की साफ-सफाई और देखभाल करना भी मुश्किल हो जाता था. इसी समस्या को देखते हुए परिसर में मिट्टी डालकर जमीन को समतल करने का निर्णय लिया गया.
* अलग-अलग स्थानों से लाई गई मिट्टी
कब्रिस्तान के समतलीकरण के लिए कुल 111 ट्रॉली मिट्टी अलग-अलग स्थानों से लाई गई. इसमें सती नगर स्थित मदीना मस्जिद परिसर से 11 ट्रॉली, सना लेआउट से 60 ट्रॉली तथा अतीक भाई के प्लॉट से 40 ट्रॉली मिट्टी लाई गई. इसके बाद मिट्टी डालकर पूरे परिसर को समतल किया गया. इस कार्य में ट्रैक्टर उपलब्ध कराने में अब्दुल रऊफ साहब, हाजी अब्दुल राशिद साहब और हाजी मोहम्मद खान साहब का सहयोग रहा. वहीं, कार्य के प्रबंधन में तौफीक अहमद ने सहयोग किया.
* युवाओं और नागरिकों ने भी बढ़ाया हाथ
समतलीकरण कार्य में तौसीफ खान, अब्दुल आसिफ, अब्दुल नासिर, शेख जुनेद, मोहम्मद सुफियान, शेख वाजिद, शेख मुस्ताक, मोहसिन खान, छोटू भाई और अब्दुल साहिम सहित अन्य सहयोगियों ने योगदान दिया. मिट्टी डालकर जमीन समतल किए जाने के बाद अब बारिश के दौरान पानी जमा होने और कीचड़ की समस्या काफी हद तक कम होने की उम्मीद है. इससे कब्रिस्तान में आने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी और नमाज अदा करने के लिए भी बेहतर व्यवस्था उपलब्ध होगी.
* कब्रिस्तान की हिफाजत सभी की जिम्मेदारी
सहयोगी प्रबंधक तौफीक अहमद ने कहा कि कब्रिस्तान केवल एक धार्मिक स्थल ही नहीं, बल्कि हमारे बुजुर्गों और पूर्वजों की यादों से जुड़ा स्थान है. इसकी साफ-सफाई, सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी सभी की है. बारिश में होने वाली परेशानी को देखते हुए नागरिकों के सहयोग से परिसर का समतलीकरण कराया गया है. आगे भी कब्रिस्तान की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जारी रहेंगे. कब्रिस्तान की हिफाजत हम सब की जिम्मेदारी है.

Back to top button