पेट्रोल पंप कर्मचारी पर पेट्रोल डालकर जलाने का प्रयास मामले में पांच गिरफ्तार
दो मोटरसाइकिलें जब्त, ग्रामीण अपराध शाखआ की कार्रवाई

अमरावती/दि.1 – कुर्हा थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर काम करने वाले कर्मचारी पर पेट्रोल डालकर उसे जलाने और जान से मारने की कोशिश के मामले में लोकल क्राइम ब्रांच, अमरावती ग्रामीण ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को हिरासत में लिया है. मामले में कुल 10 आरोपियों के शामिल होने की जानकारी सामने आई है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.
जानकारी के मुताबिक 29 सितंबर की रात शिकायतकर्ता यश राजेंद्र करपाटे (22) अपने साथियों के साथ कू-हा से आर्वी रोड स्थित मरदा गांव के एक पेट्रोल पंप के केबिन में सो रहा था. इसी दौरान 8 से 9 लोग मोटरसाइकिलों पर पेट्रोल पंप पर पहुंचे. पेट्रोल पंप बंद होने की जानकारी देने के बावजूद आरोपियों ने शिकायतकर्ता की मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकालने का प्रयास किया. शिकायतकर्ता ने उन्हें रोकने और वहां से भगाने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए लाठियों से मारपीट की. इस दौरान एक आरोपी ने उसके सिर पर सीमेंट के ब्लॉक से हमला कर उसे घायल कर दिया. इसके बाद एक आरोपी ने शिकायतकर्ता पर पेट्रोल डालकर उसे आग लगाने का प्रयास किया. शिकायतकर्ता के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद कुर्हा पुलिस थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने अपराध शाखा के दल को अज्ञात आरोपियों की तलाश कर मामले का पर्दाफाश करने के निर्देश दिए थे. तब एलसीबी के दल को जानकारी मिली कि इस वारदात में संकेत सुभाषराव येरपुडे (19) और उसके साथी शामिल हैं. पुलिस ने संकेत को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान आरोपियों के नाम सामने आए. पुलिस के अनुसार आरोपियों के नाम संकेत सुभाषराव येरपुडे (19), सुजल गंगाधर मुक्ते (24), शुभम मनोज इंदोले (23), कृष्णा राजू बत्तीश (21), आर्यन श्रीकृष्ण वासनिक (19), विशाल श्रीकृष्ण गरुड़ (20), निखिल सतीश गायकवाड़, निहाल सुनील डोंगर, सोहम प्रमोद इंदोले और आरुष उमेश शेंडे है. इनमें से पहले पांच आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश पुलिस द्वारा जारी है.
* दो मोटरसाइकिलें जब्त
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान सुजुकी एक्सेस और एक्टिवा सहित दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं. जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1.80 लाख रुपये बताई गई है. यह कार्रवाई पुलिस निरीक्षक अशोक लांडे के मार्गदर्शन में की गई. सहायक निरीक्षक दुर्गेश राजपूत, उपनिरीक्षक सागर हटवार और रोहित कुदल, सचिन गायधने, गजेंद्र ठाकरे, सुधीर बावने, चेतन दुबे, शिवाजी घुगे, दिनेश कनोजिया, श्याम गावंडे, रवींद्र वर्हाड़े, प्रशांत वैद्य और चालक संजय प्रधान के दल ने की.





