चार दिन से बैग में रखा था चाइनीज चाकू
कॉलेज परिसर में छात्रा की हत्या के प्रयास का मामला

* आरोपी छात्र दो दिन की पुलिस हिरासत में
अमरावती/दि.1 – बडनेरा थाना क्षेत्र के इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी एंड रिसर्च कॉलेज परिसर में मंगलवार दोपहर में अपनी ही क्लासमेट छात्रा पर चाकू से वार कर उसकी हत्या करने का प्रयास करने वाले सिरफिरे छात्र को बडनेरा पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर लिया है. जांच में यह पता चला है कि, आरोपी छात्र चार दिन से चायना चाकू बैग में लेकर घूम रहा था. जख्मी छात्रा की हालत खतरे से बाहर बतायी जाती है, लेकिन वह फिलहाल बोल नहीं पा रही है. आरोपी छात्र का नाम नवीन वानवानी है और वह बडनेरा का रहने वाला है.
पुलिस जांच में एक महत्वपूर्ण बात सामने आई है. आरोपी पिछले चार-पांच दिनों से अपने बैग में चाइनीज चाकू लेकर घूम रहा था. पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि चाकू उसने करीब दो-तीन महीने पहले ऑनलाइन मंगाया था और वह इसे किसी को देने वाला था. हालांकि पुलिस उसके इस बयान की भी जांच कर रही है. पुलिस को आशंका है कि हमले की घटना अचानक हुई या इसके पीछे पहले से कोई योजना थी, यह पता लगाने के लिए आरोपी से पूछताछ की जा रही है. उसके मोबाइल फोन को पुलिस ने जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है.
* प्रैक्टिकल को लेकर विवाद की बात सामने
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि छात्रा ने अपना प्रैक्टिकल पूरा नहीं किया था. इसी बात को लेकर आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ विवाद किया और चाकू से हमला कर दिया. हालांकि पुलिस को दोनों के बीच पुराने विवाद की भी आशंका है. बताया गया है कि छात्रा अपने गांव जाने के बाद दोनों के बीच बातचीत कम हो गई थी. पुलिस सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है. पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी के पास चाकू होने की जानकारी उसके दोस्तों या कॉलेज के किसी शिक्षक को थी या नहीं. छात्रा का बयान दर्ज होने के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट होने की संभावना है.
* कॉलेज परिसर की सुरक्षा पर उठे सवाल
कॉलेज जैसे सुरक्षित माने जाने वाले परिसर में छात्र द्वारा चाकू लेकर घूमने और क्लासमेट पर हमला किए जाने की घटना से विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं. विशेष रूप से छात्राओं की सुरक्षा के लिए कॉलेज प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था और परिसर में प्रतिबंधित वस्तुओं की जांच को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है. फिलहाल बडनेरा पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हमले के वास्तविक कारण तथा घटना से पहले की उसकी गतिविधियों की जांच में जुटी है.





