खिलाड़ियों की जर्सी पर ‘इंडिया’ की जगह अंकित हो ‘भारत’

दिगंबर जैन समाज की मांग

सांसद डॉ. अनिल बोंडे के माध्यम से खेल मंत्री को सौंपा ज्ञापन
अमरावती/दि.1 – अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली राष्ट्रीय टीमों के खिलाड़ियों की जर्सी पर ‘इंडिया’ के स्थान पर देश का नाम ‘भारत’ अंकित करने की मांग समस्त दिगंबर जैन समाज संगठन की ओर से की गई है. इस संबंध में जैन समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सांसद डॉ. अनिल बोंडे से मुलाकात कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया तथा बीसीसीआई अध्यक्ष के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन में कहा गया कि संत आचार्य श्री 108 विद्यासागरजी महाराज द्वारा दिए गए ‘इंडिया नहीं, भारत बोलो’ तथा ‘लौट चलो भारत की ओर’ संदेश से प्रेरणा लेते हुए यह मांग रखी गई है. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि ओलंपिक, एशियाई खेल, राष्ट्रमंडल खेल और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों की जर्सी पर ‘भारत’ नाम अंकित होना चाहिए.
* संविधान में भी ‘इंडिया अर्थात भारत’ का उल्लेख
जैन समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 1 में देश का उल्लेख ‘इंडिया नहीं भारत बोले’ के रूप में किया गया है. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय खेल मंचों पर भारतीय खिलाड़ियों की पहचान ‘भारत’ नाम से प्रदर्शित किए जाने की मांग की गई है. प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि क्रिकेट, हॉकी सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में खिलाड़ियों की जर्सी और स्कोरबोर्ड पर ‘इंडिया’ के स्थान पर ‘भारत’ नाम दिखाई देने से देश की पहचान और नाम को प्रमुखता मिलेगी.
* संसद में मुद्दा उठाने का आश्वासन
ज्ञापन पर सांसद डॉ. अनिल बोंडे ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि इस विषय को आगामी समय में संसद तथा केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जाएगा. इस अवसर पर अमरावती जैन समाज के वरिष्ठ नेता डॉ. उल्हास क्षीरसागर, एड. नकुल चंद्रकांत फुलाड़ी, मुकेश जैन, शैलेंद्र उर्फ सोनू जैन, सचिन संगई, योगेश विटालकर, प्रदीप आग्रेकर, रुपेश राऊल सहित समाज के अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे.

Back to top button