एटीएम कार्ड बदलकर मजदूर से 40 हजार की ठगी

मदद के बहाने दो अज्ञात आरोपियों ने बदला कार्ड

* कई बार में खाते से निकाली रकम
अमरावती/दि.2– सिविल लाइंस क्षेत्र स्थित भारतीय स्टेट बैंक के एटीएम में पैसे निकालने पहुंचे एक मजदूर को मदद के बहाने दो अज्ञात आरोपियों ने अपना शिकार बना लिया. आरोपियों ने चालाकी से उसका एटीएम कार्ड बदल दिया और बाद में उसके बैंक खाते से अलग-अलग बार में 40 हजार रुपये निकाल लिए. इस मामले में परतवाड़ा पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है.
जानकारी के मुताबिक चिखलदरा तहसील के सोनपुर निवासी संजय विजय करावले (27) 28 सितंबर को दोपहर करीब 1 बजे सिविल लाइंस स्थित एसबीआई के एटीएम केंद्र पर पैसे निकालने पहुंचे थे. उन्होंने पहली मशीन से रकम निकालने का प्रयास किया, लेकिन पैसे नहीं निकले. इसके बाद वह पास ही स्थित दूसरी एटीएम मशीन पर चले गए. इसी दौरान एटीएम केंद्र में मौजूद दो अज्ञात व्यक्तियों ने संजय की मदद करने का दिखावा किया. आरोप है कि इसी दौरान दोनों ने चुपके से संजय का एटीएम कार्ड बदल दिया और उसके स्थान पर प्रल्हाद इंगोले नामक व्यक्ति का कार्ड उसे दे दिया. संजय को कार्ड बदले जाने की जानकारी तत्काल नहीं हुई. इसके बाद आरोपियों ने संजय के बैंक खाते से अलग-अलग लेनदेन के जरिए कुल 40 हजार रुपये निकाल लिए. खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने के बाद संजय को अपने साथ हुई ठगी का पता चला. पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. पुलिस एटीएम केंद्र में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश कर रही है.

Back to top button