कुंभार समाज के गुणवंत विद्यार्थियों और कर्तृत्ववानों का सम्मान
गुणगौरव समारोह में विधायक रवि राणा की विशेष उपस्थिति

अमरावती /दि.3- विदर्भ कुंभार समाज सुधार समिति, अमरावती की ओर से आयोजित गुणगौरव समारोह में विधायक रवि राणा प्रमुख अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. इस अवसर पर उनके हाथों 10वीं, 12वीं, स्नातक, डिप्लोमा एवं स्नातकोत्तर परीक्षा में सफलता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा कला, क्रीड़ा, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले समाजबंधुओं का सम्मान किया गया.
विधायक रवि राणा ने कहा कि कुंभार समाज उनके बेहद करीबी परिवार का हिस्सा है और समाज हमेशा उनके साथ मजबूती से खड़ा रहा है. उन्होंने समाज के गरीब एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए छात्रावास हेतु जगह उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि मेहनत और लगन के लिए पहचाना जाने वाला कुंभार समाज शिक्षा के क्षेत्र में भी आगे बढ़े, इसके लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं. उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों का अभिनंदन करते हुए उच्च शिक्षा हासिल कर परिवार और समाज का नाम रोशन करने का आह्वान किया. कार्यक्रम में पंजाबराव काकड़े, सुरेश नांदुरकर, डॉ. श्रीराम कोल्हे, डॉ. संजय सालवीकर, देविदास कालकर, देविदास धामनकर, भगवान जामकर, वसंतराव जवलेकर, अरुण चोंडके सहित समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित थे.





