वायगांव के छात्र यश वानखड़े की भी दिवेआगर हादसे में मौत

शैक्षणिक ट्रिप पर गए 42 विद्यार्थियों में से आठ की डूबने से मौत

अमरावती /दि.3- रायगढ़ जिले के दिवेआगर में शैक्षणिक सहल के दौरान हुए दर्दनाक हादसे में अमरावती जिले के वायगांव निवासी छात्र यश किरण वानखड़े की भी मौत हो गई. इस हादसे में कुल आठ विद्यार्थियों की डूबने से मौत होने की जानकारी सामने आई है. घटना की खबर मिलते ही वायगांव सहित अमरावती जिले में शोक का माहौल है.
मिली जानकारी के मुताबिक विनर्स एकेडमी की ओर से आयोजित शैक्षणिक सहल में कुल 42 विद्यार्थी शामिल हुए थे. सहल के दौरान पानी में डूबने की घटना हुई, जिसमें आठ विद्यार्थियों की जान चली गई. मृतकों में अमरावती जिले के वायगांव निवासी यश किरण वानखड़े भी शामिल थे.
* ट्रिप पर गया था यश
यश वानखड़े शैक्षणिक सहल में शामिल होकर रायगढ़ गया था. बताया गया है कि उसके पिता किरण वानखड़े रोजगार के सिलसिले में आलंदी क्षेत्र की एमआईडीसी में कार्यरत थे. यश भी वहीं रहकर पढ़ाई कर रहा था. शैक्षणिक सहल के दौरान हुए इस हादसे में यश की मौत की खबर परिवार तक पहुंचते ही वानखड़े परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
* आठ विद्यार्थियों की मौत से मचा हड़कंप
सहल में शामिल विद्यार्थियों के साथ हुए इस हादसे की जानकारी सामने आने के बाद विद्यार्थियों, अभिभावकों और संबंधित क्षेत्र में शोक की लहर है. एक साथ आठ विद्यार्थियों की मौत से पूरे इलाके में गम का माहौल बन गया है. यश के निधन की खबर से वायगांव में भी शोक व्याप्त है. स्थानीय नागरिकों और परिचितों ने वानखड़े परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है.

Back to top button