बूचडखाना़ जा रहे पांच मवेशियों को पुलिस ने दिया जीवनदान
दो आरोपी गिरफ्तार, धारणी पुलिस की कार्रवाई

* वाहन समेत पांच मवेशी जब्त, 5.35 लाख रुपए का माल बरामद
अमरावती/दि.3- कटाई के इरादे से मवेशियों को कथित रूप से अवैध तरीके से ले जाने के मामले में धारणी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया है. पुलिस ने उनके कब्जे से पांच मवेशियों समेत टाटा इंट्रा वाहन जब्त किया है. जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 5 लाख 35 हजार रुपए बताई गई है.
जानकारी के मुताबिक अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने धारणी पुलिस थाना क्षेत्र में अवैध गतिविधियों तथा मवेशियों को कटाई के लिए ले जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. इसी के तहत 2 अक्टूबर 2026 को पुलिस निरीक्षक अवतार सिंह चव्हाण को जानकारी मिली कि एक मालवाहक वाहन में मवेशियों को ढाकणा रोड से अकोट की ओर ले जाया जा रहा है. इस आधार पर धारणी पुलिस दल ने जाल बिछाया. शाम करीब 4 बजे संदिग्ध टाटा इंट्रा वाहन क्रमांक एमएच 27 – बीएक्स -6390 को रोककर जांच की गई. वाहन के पीछे पांच मवेशियों को रस्सियों से बांधकर ले जाया जा रहा था. पुलिस ने वाहन चालक से ड्राइविंग लाइसेंस और मवेशियों के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज मांगे, लेकिन उसके पास दोनों में से कोई दस्तावेज नहीं मिला. पंचों की मौजूदगी में पुलिस ने करीब 4 लाख रुपए कीमत का वाहन तथा करीब 1 लाख 35 हजार रुपए कीमत के पांच मवेशी, इस प्रकार कुल 5 लाख 35 हजार रुपए का माल जब्त कर अंजनगांव सुर्जी निवासी शेख मुजाहिद अब्दुल मजीद (22) और विक्रम रविंद्र इंगले (20) को हिरासत में लेकर मामला दर्ज किया है. पुलिस के मुताबिक, शेख मुजाहिद के खिलाफ इससे पहले भी इसी प्रकार का मामला दर्ज है. मामले में आगे की जांच जारी है.




