विमाशि प्रत्याशी दिलीप कडू सहित 4 उतरे मैदान में
अमरावती संभाग शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र

* आज 7 लोगों ने खरीदे 15 पर्चे
* सोमवार को रहेगा बडे उम्मीदवारों का रेला
अमरावती/दि.3 – अमरावती संभाग शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन क्षेत्र के 23 अक्तूबर को होने जा रहे प्रेस्टीजीयस इलेक्शन के लिए आज तीसरे दिन 4 प्रत्याशियों ने लाव-लष्कर के साथ नामांकन दाखिल किए. आज विभागीय आयुक्त और चुनाव अधिकारी नयना गुंडे के सम्मुख विदर्भ माध्यमिक शिक्षक संघ के उम्मीदवार दिलीप कडू ने पर्चा पेश किया. उनके साथ बडी संख्या में समर्थक खासकर शिक्षक क्षेत्र के लीडरान, पदाधिकारी मौजूद थे. मीडिया से बातचीत में भी कडू ने जीत का आत्मविश्वास दर्शाया. बता दें कि, तीन अन्य प्रत्याशियों में गाजी जाहेरोश, अशोक वामन हिवाले, आशीष मनोहर अंबुलकर का समावेश है. यह भी स्मरण करा दें कि, शिवसेना शिंदे गट से पूर्व विधायक प्रा. श्रीकांत देशपांडे और निर्दलीय किरण चौधरी ने गुरुवार को नामांकन प्रस्तुत कर दिया था. जिससे अभी तक पर्चा दाखिल करने वालों की संख्या 6 हो गई है. मोहम्मद गाजी जाहेरोश ने वंचित बहुजन आघाडी से नामांकन दाखिल किया है. वहीं हिवाले और अंबुलकर ने अपक्ष के तौर पर फॉर्म प्रस्तुत किए हैं.
चुनाव अधिकारियों ने यह जानकारी दी और बताया कि, यश सुनील बावने अमरावती-2, प्रवीण लक्ष्मण पाटिल बुलढाणा-1, सूरज निरंजन लांडगे अमरावती-2, प्रा. मिलिंद तुकाराम ब्राह्मणे अमरावती-4, नीलेश ओमप्रकाश चचडा यवतमाल-4, किरण अर्जुन पवार बुलढाणा-1, गजानन उत्तमराव मोहोड अमरावती-1 इस प्रकार 7 लोगों ने आज नामांकन के तीसरे दिन 15 पर्चे खरीदे. अभी भी 6 अक्तूबर के दोपहर 3 बजे तक पर्चे दाखिल किए जा सकेंगे.
सोमवार 5 अक्तूबर को शिवसेना यूबीटी के प्रा. दत्तात्रय लहाने के साथ ही कांग्रेस उम्मीदवार अदिति ऋषिकेश पोहरे पर्चा दाखिल करने वाले हैं. अन्य प्रमुख प्रत्याशी भी सोमवार को ही नामांकन कर सकते हैं. फलस्वरुप विभागीय आयुक्त कार्यालय पर सोमवार दोपहर राजनेताओं और कार्यकर्ताओं का विशेषकर अध्यापकों का जमावडा रहेगा.





