‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत अमरावती ग्रामीण पुलिस ने संभाले विसर्जन घाट
31 पुलिस थाना क्षेत्रों में चला विशेष स्वच्छता अभियान

कौंडण्यपुर के दो विसर्जन घाटों पर एसपी निकेतन कदम ने खुद की सफाई
अमरावती/दि.5 – महाराष्ट्र सरकार के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत अमरावती ग्रामीण जिला पुलिस बल की ओर से 3 अक्टूबर को जिलेभर के गणपति विसर्जन घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया. पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के मार्गदर्शन में ग्रामीण पुलिस के सभी 31 पुलिस थाना क्षेत्रों में अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के विसर्जन घाटों की सफाई की.
अभियान के दौरान वर्धा नदी के किनारे स्थित कौंडण्यपुर के दो प्रमुख गणपति विसर्जन घाटों पर विशेष रूप से स्वच्छता अभियान चलाया गया. अमरावती क्षेत्र में बड़ी संख्या में गणपति प्रतिमाओं का विसर्जन इन घाटों पर किया जाता है. पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने स्वयं सफाई अभियान में हिस्सा लेकर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों का उत्साह बढ़ाया. कौंडण्यपुर में आयोजित अभियान में अमरावती पुलिस मुख्यालय तथा पोस्ते कुर्हा के अधिकारी-कर्मचारियों सहित कुल 20 अधिकारी और 130 कर्मचारी शामिल हुए. वहीं, पूरे अमरावती ग्रामीण जिले में 112 अधिकारी और 785 पुलिस कर्मचारियों ने विभिन्न विसर्जन घाटों पर स्वच्छता अभियान में भाग लिया.
* जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने का संदेश
अभियान के माध्यम से पुलिस विभाग ने नागरिकों को नदियों, तालाबों, बांधों और अन्य प्राकृतिक जलस्रोतों को स्वच्छ रखने तथा उन्हें प्रदूषण से बचाने का संदेश दिया. इस वर्ष जिले में सूखे की संभावित स्थिति को देखते हुए जलस्रोतों का संरक्षण और उपलब्ध पानी को प्रदूषण से बचाना बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. पुलिस विभाग की ओर से कहा गया कि जलस्रोत केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं हैं, बल्कि उनकी स्वच्छता और सुरक्षा में समाज के प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है. गणपति विसर्जन के बाद घाटों पर जमा होने वाले निर्माल्य, प्लास्टिक तथा अन्य कचरे को हटाकर जलस्रोतों को स्वच्छ रखने की दिशा में यह अभियान महत्वपूर्ण पहल रहा.
* ‘ऑपरेशन कवच’ से जोड़ा सामाजिक सरोकार
अमरावती ग्रामीण पुलिस की ओर से बताया गया कि यह पहल ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत चलाए जा रहे सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ी है. अभियान के जरिए स्वच्छता, जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश आम नागरिकों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया. पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी से जिले के विभिन्न विसर्जन घाटों पर सफाई अभियान को व्यापक रूप दिया गया.





