11 को महाराजा अग्रसेन लॉन में सफल उद्योजक पुरस्कार वितरण समारोह
समाज के 6 नामांकित उद्यमियों को किया जाएगा सम्मानित

* श्री राजस्थान अग्रवाल पंचायत का आयोजन
परतवाडा /दि.5– व्यापार और उद्योग के क्षेत्र में अपनी अत्यंत निष्ठा, लगन और कठिन परिश्रम से अनुकरणीय सफलता प्राप्त करने वाले समाज के अग्रणी उद्यमियों को सम्मानित करने के लिए श्री राजस्थान अग्रवाल पंचायत, परतवाडा की ओर से सफल उद्योजक पुरस्कार समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है. आयोजकों के अनुसार समाज के उद्यमियों द्वारा प्राप्त की गई यह उपलब्धि न केवल उनके लिए बल्कि संपूर्ण समाज के लिए अत्यंत गर्व और हर्ष का विषय है. इसी उत्कृष्ट कार्य और योगदान की सराहना करने हेतु पंचायत द्वारा यह सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है.
इस गरिमामयी समारोह के दौरान व्यापार एवं उद्योग जगत में विशिष्ट पहचान बनाने वाले गोकुल अमरचंद केजडीवाल, श्रीमती मनीषा सुभाष केजडीवाल, सर्वेश बिसनलाल अग्रवाल, अमित प्रेमचंद अग्रवाल, रोहित बाबूलाल केजडीवाल तथा श्रेयश मनीष अग्रवाल को सफल उद्योजक पुरस्कार से अलंकृत किया जाएगा. यह भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आगामी गुरुवार 11 अक्तूबर को रात्रि 8 बजे अंजनगांव रोड स्थित महाराजा अग्रसेन लॉन, परतवाडा में संपन्न होगा. कार्यक्रम के आयोजक विनीत श्री राजस्थान अग्रवाल पंचायत, परतवाडा ने समाज के समस्त बंधुओं, महिलाओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढाने तथा पुरस्कृत होने वाले उद्यमियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है.





