गोठे में मिला मांडूल सांप, सर्पमित्रों ने सुरक्षित पकड़ा

तिवसा तहसील के अनकवाड़ी गांव की घटना

* सर्पमित्रों ने रेस्क्यू कर वन विभाग को दी सूचना
तिवसा/दि.5– तहसील के अनकवाड़ी गांव में रविवार रात दूध निकालते समय पवन चतुर के गोठे में मांडूल सांप दिखाई देने से कुछ समय के लिए हड़कंप मच गया. सांप की जानकारी मिलते ही वार संस्था के सर्पमित्रों ने मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित पकड़ लिया. सर्पमित्र शुभम विधे, सुमित ठाकरे, कुणाल साबले, साहिल चावक और पवन भिवगड़े ने घटनास्थल पर पहुंचकर सांप का सुरक्षित रेस्क्यू किया. इसके बाद वन विभाग के वनरक्षक महादेव गवई, शिवा राठोड़ तथा वनपाल सोमेश्वर घोडमारे को इसकी जानकारी दी गई. आवश्यक प्रक्रिया के बाद मांडूल सांप को उसके प्राकृतिक अधिवास में छोड़ दिया गया.
* 25 करोड़ रुपये में बिकने की अफवाह
मांडूल सांप को लेकर समाज में लंबे समय से यह अफवाह फैलाई जाती रही है कि इसे 25 करोड़ रुपये तक में बेचा जाता है. वन्यजीव प्रेमियों ने नागरिकों से ऐसी अप्रमाणित बातों पर विश्वास नहीं करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि मांडूल सांप को लेकर सोशल मीडिया अथवा अन्य माध्यमों से फैलने वाली अफवाहों के कारण वन्यजीवों के प्रति गलत धारणा बनती है. नागरिकों को किसी भी सांप के संबंध में अफवाहों पर भरोसा करने के बजाय वन विभाग अथवा अधिकृत सर्पमित्रों से संपर्क करना चाहिए.

* दोमुंहे सांप के तौर पर है पहचान
यहां यह विशेष उल्लेखनीय है कि, मांडूल प्रजाती के सांप के मुंह व दूम यानी पूंछ का आकार लगभग एक समान होता है. जिसके चलते आम धारणा बन गई है कि, यह दोमुंहा सांप है. यानि इसके शरीर पर दोनों ओर मुंह होते है और यह किसी भी तरफ आगे-पीछे चल सकता है. जबकि यह अपने आप में पूरी तरह से गलत धारणा है. जिसका हकिकत से कोई लेना-देना नहीं है.

Back to top button