फ्रेजरपुरा में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला
पेट में चाकू घोंपकर आरोपी फरार

* जख्मी युवक की हालत चिंताजनक, पुलिस ने शुरू की जांच
अमरावती /दि.5- शहर के फ्रेजरपुरा पुलिस थाना क्षेत्र के संजय गांधी नगर परिसर में एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है. अचानक हुए इस हमले में पीयूष मेश्राम नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. उसके पेट में चाकू से वार किए जाने के बाद उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
जानकारी के मुताबिक संजय गांधी नगर परिसर में पीयूष मेश्राम मौजूद था. इसी दौरान अज्ञात आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया. हमलावर ने पीयूष के पेट में जोरदार वार किया. बताया जा रहा है कि हमले के बाद आरोपी चाकू मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया. घटना अचानक होने के कारण परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया. पीयूष के घायल होने की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिक घटनास्थल पर पहुंचे और उसे तत्काल उपचार के लिए जिला सामान्य अस्पताल, अमरावती में भर्ती कराया. चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है. पेट में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है. चिकित्सकों की टीम उसके स्वास्थ्य पर नजर रखे हुए है.
* हमले का कारण अभी स्पष्ट नहीं
घटना की सूचना मिलते ही फ्रेजरपुरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू की है. हालांकि, पीयूष पर हमला किस कारण से किया गया और हमलावर कौन था, इसका तत्काल पता नहीं चल सका है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटना से संबंधित जानकारी जुटा रही है. आरोपी की पहचान और हमले के पीछे के कारण का पता लगाने के लिए जांच जारी है. फ्रेजरपुरा पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है.





