कोरोना महामारी से भी बड़ा संकट है सूखा
राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले का कथन

अगले आठ महीने पानी, चारे और किसानों की समस्याओं की चुनौती
उत्सवों पर खर्च करने के बजाय सूखाग्रस्तों की मदद का किया आह्वान
नागपुर /दि. 6- महाराष्ट्र में उत्पन्न सूखे की स्थिति को अत्यंत गंभीर बताते हुए राज्य के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा है कि वर्तमान संकट कोरोना महामारी से भी बड़ा है. उन्होंने कहा कि आने वाले आठ महीनों तक राज्य को पानी, चारा तथा किसान-शेतमजदूरों की समस्याओं का सामना करना पड़ेगा. ऐसे में राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों को सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए सूखाग्रस्तों की सहायता के लिए आगे आना चाहिए.
सोमवार को नागपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री बावनकुले ने कहा कि राज्य के कई हिस्सों में पेयजल और पशुओं के चारे का संकट गहराने की आशंका है. किसानों और खेत मजदूरों के सामने आजीविका का बड़ा प्रश्न खड़ा होने वाला है. इसलिए वर्तमान परिस्थिति को देखते हुए उत्सवों, स्वागत समारोहों और अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण आवश्यक है.
* भाजपा ने रद्द की पांच हजार कार्यकर्ताओं की रैली
सूखे की गंभीरता को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने नागपुर में प्रस्तावित पांच हजार कार्यकर्ताओं की रैली रद्द कर दी है. मंत्री बावनकुले ने बताया कि पार्टी ने सूखाग्रस्त परिस्थितियों में उत्सव जैसा माहौल न बनाने का निर्णय लिया है. साथ ही नेताओं और कार्यकर्ताओं से हार, फूल, बुके और भव्य स्वागत समारोहों से दूरी बनाए रखने का आग्रह किया गया है. उन्होंने कहा कि जन्मदिन, सत्कार और अन्य आयोजनों पर खर्च होने वाली राशि जरूरतमंदों, किसानों और सूखाग्रस्त क्षेत्रों की सहायता में लगाई जानी चाहिए. समाज के प्रत्येक वर्ग को राहत कार्यों में अपना योगदान देना चाहिए.
* मंत्रियों को दिया क्षेत्र में सक्रिय रहने का निर्देश
राजस्व मंत्री बावनकुले ने कहा कि चुनावी माहौल में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार के भ्रामक संदेश या फोन कॉल से भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो. उन्होंने मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों से कुछ समय तक मुंबई में अनावश्यक व्यस्तता कम कर अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने का भी आह्वान किया. उन्होंने कहा कि मंत्रियों को अपने क्षेत्रों में मौजूद समस्याओं, विशेष रूप से पानी और किसानों से जुड़े मुद्दों पर अधिक समय देना चाहिए तथा चुनावी तैयारियों के साथ जनसंपर्क भी मजबूत रखना चाहिए.
* मतदाता पंजीकरण पर भी रहेगा फोकस
उन्होंने बताया कि विदर्भ के कार्यकर्ता के रूप में वह स्वयं चुनावी गतिविधियों और संगठनात्मक तैयारियों पर नजर रखेंगे. पार्टी पदाधिकारियों को प्रतिदिन मतदाता पंजीकरण की प्रगति की जानकारी एसएमएस के माध्यम से भेजने के निर्देश दिए गए हैं. राज्य में लगातार कम वर्षा और घटते जलसाठे के कारण सरकार पहले ही जल प्रबंधन, पेयजल आपूर्ति और चारा उपलब्धता को लेकर विशेष योजना पर काम कर रही है. ऐसे समय में मंत्री बावनकुले के इस बयान को सूखे की गंभीरता को लेकर सरकार की चिंता के रूप में देखा जा रहा है.





