खेलते समय 12 वर्षीय छात्र की गर्दन में लगाया नशीला इंजेक्शन
घाटकोपर की घटना से मचा हड़कंप

* मैदान में दोस्तों के साथ खेल रहा था छात्र
मुंबई /दि.6- मुंबई के घाटकोपर इलाके में एक बेहद चौंकाने वाली और गंभीर घटना सामने आई है. बर्वेनगर क्षेत्र में स्कूल के सामने स्थित मैदान में खेल रहे 12 वर्षीय छात्र की गर्दन में अज्ञात नशेड़ियों द्वारा कथित रूप से नशीला इंजेक्शन लगाए जाने का मामला प्रकाश में आया है. घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यश चौरसिया (12) नामक छात्र बर्वेनगर स्थित महानगरपालिका स्कूल क्रमांक-3 का विद्यार्थी है. सोमवार को वह अपने दोस्तों के साथ स्कूल के सामने मैदान में खेल रहा था. इसी दौरान वहां नशा करने के लिए बैठने वाले छह-सात अज्ञात व्यक्तियों में से किसी ने पीछे से आकर उसकी गर्दन में इंजेक्शन चुभो दिया. परिजनों के अनुसार इंजेक्शन लगाए जाने के कुछ ही समय बाद यश को चक्कर आने लगे और उसे तेज बुखार महसूस हुआ. उसकी तबीयत बिगड़ने पर वह मैदान में ही बैठ गया. आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी उसके परिवार को दी, जिसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए निकट स्थित मुक्ताबाई अस्पताल में भर्ती कराया गया.
चिकित्सकीय उपचार के बाद छात्र की हालत स्थिर बताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई. पुलिस ने छात्र का बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले में अपराध दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है. स्थानीय नागरिकों का कहना है कि संबंधित मैदान और आसपास के क्षेत्र में लंबे समय से कुछ लोग खुलेआम नशा करते दिखाई देते हैं. ऐसे में एक स्कूली छात्र को निशाना बनाए जाने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. इंजेक्शन में कौन-सा पदार्थ था, इसे लेकर चिकित्सकीय रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों का इंतजार किया जा रहा है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके. इस घटना के बाद अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है. स्थानीय नागरिकों ने स्कूलों और सार्वजनिक मैदानों के आसपास नशाखोरी पर सख्त कार्रवाई तथा नियमित पुलिस गश्त की मांग की है.





